मोदी जी के 75वें जन्मदिन पर यह हमारा संकल्प है कि धरती को और हरा-भरा बनाएँगे : विशाल जैन
रांची/झारखंड (डॉ अजय ओझा, वरिष्ठ पत्रकार) 19 सितंबर।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (JITO) द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम” विशेष मुहिम की शुरुआत की गई। इस मुहिम के तहत 2 अक्टूबर 2025 तक पूरे विश्व में 9 लाख पेड़ लगाने का संकल्प लिया गया। झारखंड चैप्टर के रांची, हजारीबाग, गया एवं धनबाद में इस मुहिम की शुरुआत की गई, जहाँ प्रत्येक स्थान पर 75-75 पेड़ लगाए गए। इस वृक्षारोपण कार्यक्रम में जीतो के अध्यक्ष विशाल जैन, मुख्य सचिव सर्वेश जैन , महिला शाखा की अध्यक्ष श्रीमती सरोज पांड्या, उपाध्यक्ष पायल ए जैन, स्पोर्ट्स संयोजक टीना गोधा एवं सीमा गंगवाल, स्थानीय सदस्यों, समाजसेवियों तथा पर्यावरण प्रेमियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
अध्यक्ष विशाल जैन ने अपने संबोधन में कहा: “वृक्षारोपण केवल पर्यावरण को सुरक्षित करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवनदायिनी धरोहर है। मोदी जी के 75वें जन्मदिन पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ मुहिम से हम सबको यह प्रेरणा लेनी चाहिए कि हर परिवार अपनी मातृशक्ति के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए। यही सच्चा उपहार और राष्ट्रसेवा होगी।”
जीतो के इस वैश्विक संकल्प के साथ हम सभी को विश्वास है कि प्रकृति संरक्षण की यह पहल एक हरित और स्वच्छ भविष्य का आधार बनेगी।

