शाहपुर/भोजपुर(राकेश मंगल सिन्हा)20 मई। भोजपुर के जिला शिक्षा पदाधिकारी मोहम्मद अहसन ने जातीय गणना कार्य में प्रतिनियुक्त शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति को रद्द करते हुए शिक्षकों को 24 घंटे के अंदर अपने संबंधित मूल विद्यालय में योगदान करने का फरमान जारी किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए शाहपुर के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी गुलाम सरवर ने बताया कि बहुत सारे शिक्षक जातीय गणना कार्य में प्रतिनियुक्त किए गए थे। जातीय गणना कार्य पर न्यायालय द्वारा फिलहाल रोक लगाए जाने के कारण जातीय गणना कार्य बंद है। जातीय गणना कार्य बंद होने के बावजूद भी शिक्षकों ने अपने मूल विद्यालय में योगदान नहीं किया है और प्रति नियोजित स्थल पर ही बने हुए हैं। ऐसी स्थिति में विद्यालयों में पठन-पाठन कार्य बाधित हो रहा है। छात्रों के हित को देखते हुए सभी प्रतिनियुक्त शिक्षकों को आदेशित किया गया है कि वे 24 घंटे के अंदर अपने मूल विद्यालय में योगदान करें। उन्होंने कहा कि जातीय गणना में प्रतिनियुक्त सभी शिक्षकों का मई माह का वेतन विद्यालय में योगदान करने के उपरांत ही देय होगा। विदित हो कि जिला शिक्षा पदाधिकारी भोजपुर द्वारा बार-बार प्रतिनियोजन रद्द करने से संबंधित आदेश निकालने के बावजूद भी बहुत से शिक्षक एवं शिक्षिका यथास्थान प्रतिनियोजन पर बने हुए हैं जो वरीय अधिकारी के आदेश की अवहेलना है।

