
RKTV NEWS/चतरा (झारखंड)29 जुलाई।समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आज उपायुक्त चतरा कीर्तिश्री की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न अंचलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आमजन अपनी समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए।जनता दरबार में आये आवेदनों की श्रेणी अत्यंत व्यापक रही, जो दर्शाता है कि जिला प्रशासन की यह पहल जनता के बीच भरोसे का प्रतीक बनती जा रही है। उपायुक्त ने प्रत्येक फरियादी से व्यक्तिगत रूप से बात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में प्राप्त प्रमुख शिकायतें व मांगें निम्नलिखित विषयों से संबंधित रहीं यथा भूमि विवाद – ज़मीनी अतिक्रमण, सीमांकन, दाखिल-खारिज, वाद-विवाद आदि से संबंधित समस्याएं।, राशन कार्ड एवं खाद्यान्न वितरण – अपात्रता, नाम छूटने, नियमित वितरण में अनियमितता आदि। मंईया समान योजना – पात्र लाभार्थियों के चयन में देरी, दस्तावेजी जटिलताओं आदि की शिकायतें। वृद्धा पेंशन – आवेदन लंबित, बैंक खाता न जुड़ने, पेंशन भुगतान में विलंब जैसी समस्याएं। दिव्यांगजन के लिए ट्राईसाइकिल – पात्रता के बावजूद अबतक सहायक यंत्र नहीं मिलना। आवास योजना – प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजनाओं में सूची से नाम वंचित रहने की शिकायतें। स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं, शिक्षा विभाग से संबंधित, समाज कल्याण विभाग से संबंधित समेत अन्य मामले शामिल है।
जनता दरबार में जिला क्रीड़ा पदाधिकारी सह जन शिकायत कोषांग के नोडल पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे जिन्होंने प्राप्त समस्याओं को त्वरित गति से संज्ञान में लिया और समाधान की दिशा में पहल की।
उपायुक्त कीर्तिश्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक समस्या का निस्तारण समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निवारण करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता दरबार शासन और आम जनता के बीच एक जीवंत संवाद सेतु है, जिससे लोगों को प्रशासन पर भरोसा और पहुँच दोनों सुनिश्चित होती है।
उल्लेखनीय है कि प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को उपायुक्त चतरा द्वारा जनता दरबार का आयोजन किया जाता है, जिसमें आमजन अपनी व्यक्तिगत या सामुदायिक समस्याओं को सीधे प्रशासनिक स्तर पर प्रस्तुत कर सकते हैं।
जिला प्रशासन चतरा ने आमजनों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु निर्धारित दिनों में जनता दरबार में भाग लें और पारदर्शी प्रशासन का लाभ उठाएं।
