गंगा के थोड़े से जलस्तर में वृद्धि से हुआ कई फिट कटाव,चिंताजनक।

कटाव स्थल का राजद प्रदेश महासचिव मनोज सिंह ने किया निरीक्षण।

कटाव रोधी कार्यों की हो रही खानापूर्ति,होनी चाहिए उच्च स्तरीय जांच।

क्षेत्र के विधायक को नहीं है ग्रामीणों की चिंता : राजद प्रदेश महासचिव
RKTV NEWS/आरा (भोजपुर )13 जुलाई। राजद के प्रदेश महासचिव मनोज सिंह ने शनिवार को अपने द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के माध्यम से बताया है कि बड़हरा विधानसभा क्षेत्र में कटाव रोधी कार्यों में घोर अनियमितता प्रदर्शित हो रही है। गंगा जी के सिर्फ थोड़े से जलस्तर में वृद्धि से करीब 15 से 20 फिट तक कटाव हो गया अगर यही स्थिति यथावत रही तो जलस्तर में वृद्धि के कारण पूरा का पूरा गांव कटाव में आ जायेगा और यह कहना कही से भी गलत नहीं होगा की कटाव के कारण गांव के साथ साथ वहां का अस्तित्व भी समाप्त हो जायेगा।
मनोज सिंह ने बताया की शनिवार को बड़हरा के अचरज राय के टोला पर गंगा के जल स्तर में वृद्धि के कारण हुए कटाव का उन्होंने स्थलीय निरीक्षण किया।उन्होंने बताया कि कटाव रोधी कार्यों के नाम पर सिर्फ और सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है। उन्होंने राज्य सरकार और क्षेत्र के विधायक के प्रति अपने रोष को प्रकट करते हुए कहा कि ग्रामीण कटाव से भयभीत हैं और भविष्य की कटाव के कारण अपने गांव के अस्तित्व की समाप्ति को लेकर चिंतित है। लेकिन ऐसी स्थिति में भी लोग सिर्फ और सिर्फ अपने लिए पूंजी खड़ी करने में लगे है जो कहीं से भी सरकार और क्षेत्र के विधायक की जनहित सोच को प्रदर्शित नहीं करता है।
मनोज सिंह ने आश्चर्य जाहिर करते हुए कहा है कि कटाव रोधी कार्यों की निविदा महीनों पहले हुई ,विधायक ने आकर क्षेत्र को कटाव से मुक्त करने की दिशा में कार्यों को करने की अखबारी घोषणा भी की। उन्होंने बताया कि वृहत स्तर पर कटाव रोधी कार्यों की घोषणा के साथ कार्य की शुरुआत भी हुई जो बिना कार्य समाप्ति के बीच में रुका भी और आज जब जल स्तर बढ़ रहा है और कटाव की शुरुआत होने लगी तो इस कार्य को कराया जा रहा है। जो इस कार्यों में की जा रही पैसों की भारी लूट की ओर इशारा करता है। जिसकी उच्चस्तरीय जांच भी होनी चाहिए।
प्रदेश महासचिव ने बताया कि उक्त कटाव स्थल की तस्वीरें एवं एक वीडियो को उन्होंने भोजपुर जिलाधिकारी सहित जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव को भेज इस पर जल्द से जल्द सुव्यवस्थित कार्य करने का आग्रह किया है।
मनोज सिंह ने क्षेत्र की जनता के साथ हर परिस्थित में खड़े रहने की बात कही है वहीं उन्होंने क्षेत्र के विधायक के प्रति अपने रोष को प्रकट करते हुए कहा कि जनता सब जान चुकी है और आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता इसका जवाब देगी।

