आदेश के बावजूद लापरवाह एवं गायब रहनेवाले कर्मी का लाइसेंस/ संबद्धता होगा रद्द।
सेंटर पर कर्मियों की उपस्थिति एवं कार्य की होगी कड़ी निगरानी, गायब रहने वालों पर होगी कठोर दंडात्मक कार्रवाई।
सभी सीएससी कर्मी को सेंटर पर ससमय उपस्थित होने तथा ईमानदारी एवं जवाबदेही से दायित्व का निष्पादन करने की मिली कड़ी हिदायत।
RKTV NEWS/मुजफ्फरपुर (बिहार)27 मई।जिलांतर्गत पात्र लाभुकों को आयुष्मान कार्ड बनाने हेतु तीन दिवसीय 26 से 28 मई तक संचालित विशेष अभियान का सोमवार को शुभारंभ हुआ। जिला पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने खुद कांटी प्रखंड के लश्करीपुर पंचायत भवन तथा हरिसिंह उच्च विद्यालय छपरा केंद्र पर संचालित कार्य का निरीक्षण किया।
केंद्र पर प्रतिनियुक्त सीएससी कर्मी द्वारा अवैध वसूली की शिकायत पाया गया जिसकी जांच प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा कराये जाने पर मामला सही पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी के आदेश पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने ग्राहक सेवा केंद्र, राहुल इंटरप्राइजेज गोदाईपुर फुलकाहां के संचालक के विरुद्ध पानापुर थाना में कांड संख्या 82/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिलाधिकारी ने कहा है कि आयुष्मान कार्ड के लिए गरीब व्यक्तियों से अवैध राशि की वसूली करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे बल्कि कठोर कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकारी दिशा निर्देश के अनुरूप ही नियमानुसार आयुष्मान कार्ड बनाये जाएंगे। इस कार्य में अनियमितता बरतने वाले कर्मी को चिन्हित कर विभाग से उनकी संबद्धता/लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त कर्मियों को ड्यूटी पर ससमय उपस्थित होने तथा पूरी ईमानदारी एवं जवाबदेही से निर्धारित दायित्व का निष्पादन करने का सख्त निर्देश दिया है।
इस कार्य में ग्राहक सेवा केंद्र के जिला प्रबंधक आशुतोष कुमार एवं आदित्य कुमार को हरेक केंद्र पर प्रतिनियुक्त कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने का सख्त निर्देश दिया गया है, कार्य में लापरवाही एवं कोताही पाये जाने पर जिला प्रबंधक के विरुद्ध भी कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
तीन दिवसीय अभियान की सफलता के लिए जिला पदाधिकारी ने खुद क्षेत्र का भ्रमण कर वास्तविक स्थिति का जायजा लिया तो दूसरी ओर संध्या में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी से अद्यतन स्थिति एवं प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक निर्देश दिया। उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को प्रत्येक सेंटर पर कर्मियों की न केवल तैनाती करने बल्कि उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा स्वयं भ्रमण कर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही प्रखंडों के सभी वरीय पदाधिकारी को अपने-अपने प्रखंडों में भ्रमण कर गरीब व्यक्तियों के हित में सरकार के इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाने तथा लक्ष्य के अनुरूप शत प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने का निर्देश दिया है। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी एवं पश्चिमी को भी क्षेत्र भ्रमण करने तथा सरकार द्वारा संचालित कार्यों का निरीक्षण कर अपेक्षित सुधार एवं प्रगति लाने का निर्देश दिया है।
इस दौरान जिलाधिकारी ने डॉ अंबेडकर समग्र सेवा अभियान के तहत अनुसूचित जाति एवं जनजाति टोलों के छूटे हुए परिवारों के बीच सभी संबंधित विभाग के अधिकारियों को विजिट करने तथा समाज के कमजोर व्यक्तियों के प्रति संवेदनशील होकर सरकारी योजनाओं/ सेवाओं से लाभान्वित करने का निर्देश दिया है। इस क्रम में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से उस विभाग की योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित प्राप्त आवेदन तथा निष्पादित आवेदन की प्रखंडवार अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने समाज के सबसे निचले तबके के विकास एवं कल्याण के लिए सभी अधिकारियों को सक्रिय एवं तत्पर होने तथा उनके टोलों में जाकर वास्तविक स्थिति से परिचित होने का निर्देश दिया है। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने विभाग से संबंधित प्राप्त आवेदन का शत प्रतिशत निष्पादन करने को कहा। उन्होंने समाज के गरीब भूमिहीन व्यक्ति के हित में कार्य करने को कहा ताकि भूमिहीन व्यक्ति को भूमि पर अधिकार मिले।
बैठक में सामाजिक सुरक्षा ,राशन कार्ड, वासगीत पर्चा ,आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड लेबर कार्ड, जॉब कार्ड, नल जल योजना ,नली गली योजना, बिजली कनेक्शन आदि से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि हासिल करने को कहा।
समीक्षा के दौरान मीनापुर, मरवन, पारू और औराई का प्रदर्शन असंतोषजनक पाया गया तथा जल्द सुधार लाने का निर्देश दिया गया।
क्षेत्रभ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने हरि सिंह उच्च विद्यालय छपरा के शिक्षण कार्य का भी निरीक्षण किया। इस विद्यालय में 650 स्टूडेंट नामांकित हैं तथा 75% से अधिक स्टूडेंट उपस्थित पाए गए। विद्यालय में 19 शिक्षक कार्यरत हैं। जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं के लिए विद्यालय में उपलब्ध कंप्यूटर को कार्यरत रखने को कहा। इस दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों से भी आवश्यक फीडबैक प्राप्त किया।

