RK TV News
खबरें
Breaking Newsआयुर्वेद

आयुर्वेद दिवस देशभर में व्यापक स्तर पर मनाया गया।

नई दिल्ली/10 नवंबर।केंद्रीय आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने आठवें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर कहा कि परमाणु ऊर्जा, कीटनाशकों और विषैले वातावरण के इस युग में आयुर्वेद एक वरदान की तरह है। निरंतर प्रयासों से आयुष मंत्रालय ने देश भर में आठ हजार से अधिक वेलनेस सेंटर स्थापित किये हैं। आयुष क्षेत्र की सेवा वितरण को और सुदृढ़ करने के लिए आयुष ग्रिड परियोजना आरंभ की गई और इसे मजबूत करने की व्यवस्था की गई। आयुर्वेद दिवस प्रति वर्ष धन्वंतरि जयंती पर मनाया जाता है। प्रति वर्ष कार्यक्रम आयोजित करने से आयुर्वेद दिवस की ख्याति दुनिया भर में बढ़ी है। वैश्विक विस्तार के कारण दुनिया भर में औषधीय पौधों की खेती की आवश्यकता तेजी से बढ़ रही है। इस बार आठवें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर आयुर्वेद दिवस की एक माइक्रो वेबसाइट बनाई गई जिसे दुनिया भर से करीब बीस करोड़ लोगों का समर्थन प्राप्त हुआ। अपने अध्यक्षीय भाषण में सोनोवाल ने कहा कि आयुर्वेद दिवस के वैश्विक अभियान ‘एक स्वास्थ्य के लिए आयुर्वेद’ के संदेश और जी-20 बैठक की वैश्विक थीम ‘वसुधैव कुटुंबकम’ ने ऐसी अमिट छाप छोड़ी है जिसका पूरा विश्व अवलोकन कर रहा है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने देश और दुनिया में इतने बड़े स्तर पर आयुर्वेद दिवस मनाने के लिए आयुष मंत्रालय की सराहना की और आयुर्वेद के विकास के लिए हरियाणा सरकार द्वारा किये जा रहे प्रयासों को भी रेखांकित किया।
आयुर्वेद दिवस के समारोह में उपस्थित केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री मुंजापारा महेंद्रभाई ने कहा कि आयुर्वेदिक दवाओं के आणविक गुणधर्मों को समझने के लिए आईआईटी, एम्स और सीएसआईआर जैसे संस्थानों ने आयुष के साथ हाथ मिलाया है। इसरो (भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन) की मदद से देशभर में विद्यमान औषधीय पौधों का मानचित्रण किया जा रहा है। मुंजापारा ने कहा कि आयुर्वेद केवल मानव स्वास्थ्य तक ही सीमित नहीं है बल्कि इससे जुड़े अन्य विषय भी हैं जैसे वृक्षायुर्वेद, पशु आयुर्वेद और ये सभी मिलकर एक स्वस्थ आयुर्वेद वातावरण का निर्माण करते हैं। एफएसएसएआई द्वारा आयुर्वेद आहार के विनियमन की अधिसूचना आयुष के लिए एक बड़ी सफलता है।
इस अवसर पर आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने कहा कि आठवें आयुर्वेद दिवस के समारोह के लिए विशेष रूप से बनाई गई माइक्रोसाइट में दर्ज आंकड़ों से पता चलता है कि विश्वभर से लगभग 20 करोड़ लोगों ने 20 हजार कार्यकलापों में एक महीने तक चले इस अभियान में सहयोग किया। लगभग 17 लाख लोगों ने इसमें भाग लिया। माइक्रोसाइट 102 देशों तक पहुंची और 424 स्थानों पर “रन फॉर आयुर्वेद” का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों की ख़बरें लगभग 80 देशों के क्षेत्रीय और राष्ट्रीय मीडिया में प्रकाशित हुईं।
कार्यक्रम को हरियाणा की अपर मुख्य सचिव डॉ. जी अनुपमा, अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन के अध्यक्ष पद्म भूषण वैद्य त्रिगुणा जी, आयुष मंत्रालय के आयुर्वेद सलाहकार वैद्य मनोज नेसरी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर वित्तीय परामर्शदाता और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय तथा आयुष मंत्रालय के अपर सचिव जयदीप मिश्रा, आयुष मंत्रालय की संयुक्त सचिव कविता गर्ग, राष्ट्रीय भारतीय चिकित्सा प्रणाली परिषद के अध्यक्ष वैद्य जयंत देवपुजारी, केन्द्रीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के महानिदेशक प्रोफेसर रबी नारायण उपस्थित रहे। इस अवसर पर कई आयुर्वेदिक विश्वविद्यालयों के आचार्य एवं कुलपति भी उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय धन्वंतरि आयुर्वेद पुरस्कार कार्यक्रम में आयुर्वेद के क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रीय धन्वंतरि आयुर्वेद पुरस्कारों की घोषणा की गई। ये विशेष सम्मान वैद्य आरएम अवहाद, वैद्य पीवी दमानिया, वैद्य एल महादेवन सरमा को प्रदान किये गये।
आयुर्वेद दिवस का दो दिवसीय कार्यक्रम इस संदेश के साथ संपन्न हुआ कि हमें जनभागीदारी के माध्यम से आयुर्वेद के जन संदेश को जन आंदोलन में बदलना है और आयुर्वेद को वैश्विक मंच पर स्थापित करना है।

Related posts

गढ़वा:जनसुनवाई में उमड़ी फरियादियों की भीड़, उपायुक्त ने त्वरित समाधान के दिए सख्त निर्देश।

rktvnews

भोजपुर:असीमित उपभोग और प्लास्टिक प्रदूषण से बिगड़ रहा प्रकृति का संतुलन : प्रो. एनपी पालित

rktvnews

हनुमानगढ़:सामान्य पर्यवेक्षक और पुलिस पर्यवेक्षक ने जिला कलेक्ट्रेट सभागार में ली समीक्षा बैठक।

rktvnews

भोजपुर पुलिस ने अपराध के पूर्व अवैध हथियार के साथ एक को किया गिरफ्तार।

rktvnews

स्मार्ट बिजली मीटर परियोजना : हंगामा क्यूं है बरपा!

rktvnews

सचिव लोनिवि, औद्यौगिक विकास (खनन) आयुष एवं आयुष विभाग डा0 पंकज कुमार पाण्डे ने दो दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान भीमताल में केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा वाहृय सहायतित कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा बैठक की।

rktvnews

Leave a Comment