RK TV News
खबरें
Breaking Newsराष्ट्रीय

राष्ट्रपति ने ‘पुस्तकालय महोत्सव’ का उद्घाटन किया।

नई दिल्ली/05 अगस्त।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज नई दिल्ली में ‘पुस्तकालय महोत्सव’ का उद्घाटन किया। यह महोत्सव, संस्कृति मंत्रालय द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य पुस्तकालयों के विकास और डिजिटलीकरण को बढ़ावा देना तथा पढ़ने की संस्कृति को विकसित करना है।
इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि पुस्तकालयों का विकास तथा समाज और संस्कृति का विकास आपस में जुड़े होते हैं। यह सभ्यताओं की प्रगति का पैमाना भी होता है। उन्होंने कहा कि इतिहास ऐसे संदर्भों से भरा पड़ा है, जहां आक्रमणकारियों ने पुस्तकालयों को नष्ट करना आवश्यक समझा था। इससे पता चलता है कि पुस्तकालयों को किसी देश या समाज की सामूहिक चेतना और बुद्धिमत्ता का प्रतीक माना गया है। उन्होंने बताया कि आधुनिक युग में ऐसी घटनाएं नहीं होती हैं, लेकिन दुर्लभ पांडुलिपियों और पुस्तकों के गायब होने की घटनाएं होती हैं। उन्होंने कहा कि दुर्लभ पुस्तकों और पांडुलिपियों को वापस लाने का प्रयास किया जाना चाहिए।
राष्ट्रपति ने कहा कि पुस्तकालय सभ्यताओं के बीच सेतु का काम करते हैं। प्राचीन और मध्यकाल में कई देशों के लोग भारत से पुस्तकें ले जाते थे, उनका अनुवाद करते थे और ज्ञान प्राप्त करते थे। ऐसे प्रयासों के केंद्र में यह विचार है कि किताबें और पुस्तकालय मानवता की साझी विरासत होती है।
राष्ट्रपति ने कहा कि एक छोटी सी किताब में विश्व इतिहास की दिशा बदलने की क्षमता होती है। उन्होंने गांधीजी की आत्मकथा का जिक्र किया, जहां राष्ट्रपिता ने जॉन रस्किन की किताब ‘अनटू दिस लास्ट’ के उनके जीवन पर अत्यधिक सकारात्मक प्रभाव का वर्णन किया है। उन्होंने कहा कि किताबों में धरती की सुगंध और आकाश की विशालता समाहित होती है।
राष्ट्रपति ने कहा कि पांडुलिपियों के संरक्षण और पुस्तकालयों के आधुनिकीकरण तथा डिजिटलीकरण के प्रयास बहुत महत्वपूर्ण हैं। सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी के उपयोग से पुस्तकालयों का स्वरूप बदल रहा है। पहुंच आसान हो गई है। उन्होंने कहा कि ‘एक राष्ट्र, एक डिजिटल लाइब्रेरी’ के राष्ट्रीय लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए भारत की राष्ट्रीय वर्चुअल लाइब्रेरी विकसित की जा रही है। उन्होंने विश्वास व्‍यक्‍त किया कि राष्ट्रीय पुस्तकालय मिशन की सफलता से पुस्तकालयों से जुड़ने और किताबें पढ़ने की संस्कृति मजबूत होगी।
राष्ट्रपति ने कहा कि पुस्तकालयों को सामाजिक संवाद, अध्ययन और चिंतन का केंद्र बनना चाहिए। उन्होंने पुस्तकालयों के विकास के राष्ट्रीय अभियान को आगे बढ़ाने के लिए संस्कृति मंत्रालय की सराहना की।

Related posts

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे युवाओं से संवाद।

rktvnews

23 देशों के 75 प्रतिनिधियों ने आईईवीपी कार्यक्रम के तहत 6 राज्यों में मतदान प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से देखा।

rktvnews

महासंघ गोप गुट जिला कार्यालय में जिला सचिव उमेश कुमार सुमन ने किया झंडोतोलन।

rktvnews

बिहार: लोकसभा में गूंजा जवइनिया गाँव में भीषण कटाव व जिले में बाढ़ का मुद्दा,आरा सांसद ने उठाया मुद्दा।

rktvnews

महिला सांसदों ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित होने के बाद प्रधानमंत्री से मुलाकात की।

rktvnews

दरभंगा:राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर न्यायिक पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक।

rktvnews

Leave a Comment