RK TV News
खबरें
Breaking News

भोजपुर:बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।

छात्राओं ने प्रतियोगिताओं में लिया उत्साहपूर्वक भाग, बाल विवाह के विरुद्ध दिलाई गई शपथ।

RKTV NEWS/आरा(भोजपुर )20 अगस्त।महिला एवं बाल विकास निगम, भोजपुर द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ विमेन (DHEW), भोजपुर के तत्वावधान में दिनांक 19.08.2026 को +2 एस०एन० लाल उच्च विद्यालय, अखगांव, प्रखंड संदेश, भोजपुर में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं एवं विद्यालय समुदाय को बाल विवाह के दुष्परिणामों, कानूनी प्रावधानों, बालिकाओं की शिक्षा एवं सुरक्षा तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना था।

पदाधिकारियों एवं विद्यालय प्रधानाध्यापक ने किया संबोधित

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुमार रोहित, जिला परियोजना प्रबंधक, महिला एवं बाल विकास निगम, भोजपुर ने कहा कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि यह बच्चों के अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य को प्रभावित करने वाली गंभीर समस्या है। विशेष रूप से बालिकाओं का कम उम्र में विवाह उनकी शिक्षा एवं व्यक्तित्व विकास में बाधा उत्पन्न करता है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम के लिए सरकारी प्रयासों के साथ-साथ परिवार, विद्यालय और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी भी आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं से स्वयं जागरूक बनने तथा अपने आसपास बाल विवाह के विरुद्ध आवाज उठाने की अपील की।

मो. तैयब अहमद, जिला मिशन समन्वयक, जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ विमेन (DHEW), भोजपुर ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बेटियों को शिक्षा प्राप्त करने, अपने सपनों को पूरा करने और आत्मनिर्भर बनने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। बाल विवाह बालिकाओं के शैक्षणिक एवं व्यक्तिगत विकास में बड़ी बाधा है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम में छात्राओं की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्राओं से अपने परिवार एवं समाज में बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता फैलाने तथा बाल विवाह की किसी भी जानकारी को संबंधित पदाधिकारी तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि “बाल विवाह मुक्त भारत केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और बेहतर भविष्य का संकल्प है।”

प्रमिला कुमारी, प्रधानाध्यापक, +2 एस०एन० लाल उच्च विद्यालय, अखगांव ने कहा कि विद्यालय बालिकाओं को शिक्षा के साथ-साथ उनके अधिकारों और भविष्य के प्रति जागरूक बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह बालिकाओं की शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास में बाधा है। यदि बेटियों को उचित शिक्षा और अवसर प्रदान किया जाए तो वे आत्मनिर्भर बनकर परिवार एवं समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं। उन्होंने छात्राओं से बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता फैलाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की अपील की।

छात्राओं के बीच प्रतियोगिताओं का आयोजन

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं में जागरूकता एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भाषण, निबंध एवं स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। छात्राओं ने प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं बालिका शिक्षा के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

प्रतियोगिता में निम्न छात्राएं विजेता रहीं

– भाषण प्रतियोगिता: माही कुमारी
– निबंध प्रतियोगिता: खुशी कुमारी
– स्लोगन प्रतियोगिता: निहारिका कुमारी

बाल विवाह के विरुद्ध दिलाई गई शपथ

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्राओं, शिक्षकों एवं अन्य प्रतिभागियों को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत शपथ दिलाई गई। सभी ने बाल विवाह न करने, न होने देने तथा बाल विवाह के विरुद्ध समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। उपस्थित प्रतिभागियों ने बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने में अपनी भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।

स्वच्छता एवं बालिका सशक्तिकरण का संदेश

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को सैनिटरी पैड तथा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के लोगोयुक्त टी-शर्ट का वितरण किया गया। इसके माध्यम से छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ बालिका सशक्तिकरण और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के संदेश को भी मजबूत किया गया।

विजेता छात्राओं ने किया पौधारोपण

कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रतियोगिताओं की विजेता छात्राओं द्वारा पौधारोपण किया गया। पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ छात्राओं में सामाजिक जिम्मेदारी एवं सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। छात्राओं ने पौधों की देखभाल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी संकल्प व्यक्त किया।

कार्यक्रम में कुमार रोहित, जिला परियोजना प्रबंधक, महिला एवं बाल विकास निगम, भोजपुर; मो. तैयब अहमद, जिला मिशन समन्वयक, DHEW; कल्याणी कुमारी लैंगिक विशेषज्ञ; गुडिया कुमारी मनोसामाजिक परामर्शी; मो नौशाद आलम लेखा सहायक; जैकी राज MTS; प्रमिला कुमारी, प्रधानाध्यापक; विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षिकाएं तथा अन्य संबंधित प्रतिभागी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को यह संदेश दिया गया कि बाल विवाह रोकना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि परिवार, विद्यालय, समुदाय और प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। बालिकाओं को शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान का अधिकार दिलाकर ही एक सशक्त एवं समानतापूर्ण समाज का निर्माण किया जा सकता है।

महिला एवं बाल विकास निगम, भोजपुर एवं जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ विमेन (DHEW) द्वारा बाल विवाह के उन्मूलन, बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने तथा महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण के लिए इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित एवं प्रोत्साहित किया जा रहा है।

Related posts

कवि पं रामचंद्र भारद्वाज की जयंती पर साहित्य सम्मेलन में आयोजित हुआ कवि-सम्मेलन।

rktvnews

10 अगस्त को होगा इंदिरा गांधी स्मार्ट फोन योजना का आगाज!जिले के 74 हजार से अधिक लाभार्थियों को मिलेगी सौगात।

rktvnews

कोलकाता स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट में 1870 के बाद से वित्तीय वर्ष 2023-24 के दौरान अब तक का सबसे अधिक माल चढ़ाने-उतारने (कार्गो हैंडलिंग) का कीर्तिमान।

rktvnews

बागपत की 11 बेटियाँ बनीं आंगनबाड़ी की मुख्य सेविकाएँ, जिलाधिकारी ने सौंपे नियुक्ति पत्र।

rktvnews

दिशा एक प्रयास के कार्यक्रम से भोजपुर और बक्सर जिले में आ रहा बड़ा बदलाव!बाल विवाह सदियों पुरानी सामाजिक बुराई:कुमारी सुनिता सिंह

rktvnews

प्रधानमंत्री ने आर्य समाज स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

rktvnews

Leave a Comment