
आरा/भोजपुर ( डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)17 जुलाई।सदर प्रखंड के पैठानपुर स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में पिछले एक माह से सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (सीएचओ) का पद रिक्त रहने से ग्रामीणों को हो रही परेशानियों को लेकर भाजपा नेता रवि शंकर सिंह उर्फ दीपक सिंह ने गुरुवार को जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने केंद्र में शीघ्र सीएचओ की प्रतिनियुक्ति कर स्वास्थ्य सेवाएं बहाल करने की मांग की।दीपक सिंह ने बताया कि इस संबंध में कई बार सिविल सर्जन भोजपुर एवं संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक सह मंत्री संजय सिंह ‘टाइगर’ द्वारा भी समस्या के त्वरित समाधान का आग्रह किया गया था, इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ।भाजपा नेता ने कहा कि हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के नए भवन के उद्घाटन के बाद यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते थे और दूर-दराज के ग्रामीण भी इस केंद्र पर निर्भर थे। वर्तमान में सीएचओ के अभाव में केंद्र की स्वास्थ्य सेवाएं लगभग ठप हो गई हैं।जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
