RK TV News
खबरें
Breaking News

पूर्वी सिंहभूम:गुड़ाबांदा एवं धालभूमगढ़ प्रखंड-अंचल कार्यालयों का उपायुक्त ने किया निरीक्षण, राजस्व एवं विकास कार्यों की प्रगति का लिया जायजा।

कार्यालयी व्यवस्था, राजस्व मामलों एवं विकास योजनाओं की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।

RKTV NEWS/जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम)02 जुलाई।क्षेत्र भ्रमण के क्रम में उपायुक्त राजीव रंजन द्वारा गुड़ाबांदा एवं धालभूमगढ़ प्रखंड तथा अंचल कार्यालयों का निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्था, राजस्व संबंधी कार्यों, विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा कार्यालयी कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान एवं अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने दोनों प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों में उपस्थिति पंजी, आगत-निर्गत पंजी, विभिन्न अभिलेखों, संचिकाओं तथा कार्यालयी रिकॉर्ड के संधारण का जायजा लिया। उन्होंने सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने, कार्यालयों में अनुशासित एवं पारदर्शी कार्य संस्कृति विकसित करने तथा प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों से जुड़े मामलों का निपटारा संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
अंचल कार्यालयों की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने म्यूटेशन, दाखिल-खारिज, परिमार्जन, भूमि विवाद सहित विभिन्न राजस्व मामलों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अंचल पदाधिकारियों एवं संबंधित कर्मियों को लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने तथा राजस्व सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के निर्देश दिए।
प्रखंड कार्यालयों में उपायुक्त ने 15वें वित्त आयोग, मनरेगा, आवास योजना सहित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन, नियमित अनुश्रवण एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने पर बल देते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र लाभुक तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचे। उन्होंने पदाधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा मैदानी स्तर पर नियमित निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान उपायुक्त ने गुड़ाबांदा में आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित उपलब्ध सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा संबंधित पदाधिकारियों को सेवा गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा। आवासीय विद्यालय में नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित किए जाने तथा उचित पोषाहार हेतु भी निर्देशित किया गया।
उपायुक्त द्वारा बीडीओ, सीओ को निर्देशित किया गया कि राज्य सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप समन्वित रूप से कार्य करते हुए जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सुशासन का आधार समयबद्ध सेवा वितरण एवं आमजन का विश्वास है, जिसे प्रत्येक स्तर पर बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

Related posts

पहलगाम की गोलियाँ: धर्म पर नहीं, मानवता पर चली थीं।

rktvnews

खान मंत्रालय ने अपतटीय खनन पर कार्यशाला का आयोजन किया।

rktvnews

राष्ट्रपति ने श्री नारायण गुरु की महासमाधि शताब्दी समारोह का उद्घाटन किया।

rktvnews

गढ़वा:आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत प्रखण्ड मझिआँव की योजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न।

rktvnews

दैनिक पञ्चांग: 03 सितंबर 25

rktvnews

भोजपुर:प्रो.पूनम कुमारी को मिला एसबी कॉलेज का नया नेतृत्व।

rktvnews

Leave a Comment