RK TV News
खबरें
Breaking News

पूर्वी सिंहभूम:अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक, जिला से ग्राम स्तर तक व्यापक आयोजन सुनिश्चित करने के दिए निर्देश।

RKTV NEWS/जमशेदपुर ( पूर्वी सिंहभूम)13 जून।21 जून 2026 को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर उपायुक्त राजीव रंजन ने समाहरणालय में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिला स्तरीय कार्यक्रम के साथ-साथ प्रखंड, पंचायत एवं ग्राम स्तर तक व्यापक रूप से योग दिवस मनाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ (Yoga for Healthy Ageing) रखा गया है। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले के सभी स्कूल, कॉलेज, सरकारी संस्थान, पार्क, वृद्धाश्रम, छात्रावास, पुलिस स्टेशन, सदर अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पतालों, नर्सिंग कॉलेजों सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर 21 जून को सामान्य योग अभ्यासक्रम (Common Yoga Protocol) के तहत योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
उपायुक्त ने जिला स्तरीय कार्यक्रम को लेकर कहा कि योग दिवस को जन-जन का अभियान बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों, केन्द्रीय सुरक्षा बल, झारखंड पुलिस, एनसीसी, स्कूली बच्चों, स्वयंसेवी संस्थाओं, लायंस क्लब, रोटरी क्लब, आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहियाओं, स्वास्थ्य कर्मियों, विभिन्न विभागों के कर्मियों, खिलाड़ियों एवं आम नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए। जिला स्तरीय कार्यक्रम सुबह 6-8 बजे तक खासमहल दुर्गा पूजा मैदान में प्रस्तावित है।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि योग कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, रोगों की रोकथाम, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, तनाव प्रबंधन, जोड़ों के दर्द से बचाव तथा बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में योग की भूमिका के संबंध में जागरूक किया जाए। साथ ही कार्यालयों एवं संस्थानों में कार्यरत कर्मियों को वाई-ब्रेक (Y-Break) प्रोटोकॉल की जानकारी देने तथा कार्यस्थल पर कम से कम 10 मिनट योगाभ्यास को प्रोत्साहित करने को कहा गया।
बैठक में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न मीडिया माध्यमों, सोशल मीडिया, नुक्कड़ नाटक, होर्डिंग एवं बैनर के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त विद्यालयों में योग, सेमिनार, चित्रकला प्रतियोगिता एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों के आयोजन तथा उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित करने पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ योग दिवस की तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने तथा प्रत्येक कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योग को जन आंदोलन बनाकर ही स्वस्थ एवं निरोग समाज के निर्माण के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, एडीसी अनुराग तिवारी, प्रभारी जिला आयुष पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, डीपीएम जेएसएलपीएस, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related posts

दैनिक पञ्चांग: 02 मार्च 25

rktvnews

उत्तर प्रदेश: बागपत:नव चयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों को दिए नियुक्ति पत्र।

rktvnews

उत्तराखंड: मुख्यमंत्री ने किया जागरण संवादी कार्यक्रम का शुभारंभ।

rktvnews

राष्ट्रपति द्वारा प्रदेश के सचिव राजस्व एवं आयुक्त भू-अभिलेख और 15 जिलों के कलेक्टर्स को मिला “भूमि सम्मान 2023”

rktvnews

बक्सर: 30 बिहार बटालियन के तत्वावधान में एड्स दिवस के उपलक्ष्य में जागरूकता अभियान का आयोजन।

rktvnews

प्रधानमंत्री ने बसव जयंती पर जगद्गुरु बसवेश्वर को श्रद्धांजलि दी।

rktvnews

Leave a Comment