
RKTV NEWS/दुमका (झारखंड)04 जून।अबुआ प्रमाण पत्र अभियान से संबंधित समीक्षा बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जाति एवं निवासी प्रमाण पत्र बनाने हेतु विशेष अभियान अबुआ प्रमाण पत्र अभियान चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पंचायत में 6 से 7 गांवों को कवर करते हुए कैंप आयोजित किए जाएं तथा एक पंचायत में कम से कम दो स्थानों पर कैंप लगाया जाए, जिससे अधिकाधिक ग्रामीणों तक लाभ पहुंच सके।
उपायुक्त ने निर्देशित किया कि कैंप के दौरान संबंधित पंचायत के प्रधान की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। साथ ही वीएलई, सीएससी संचालकों एवं प्रखंड कार्यालय के स्टॉफ की उपस्थिति भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को प्रमाण पत्र बनाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
उन्होंने बताया कि यह विशेष अभियान 6 जून से 30 जून तक संचालित किया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि जहां भी कैंप आयोजित किए जाएं, वहां आसपास के गांवों एवं लोगों को पूर्व से इसकी व्यापक जानकारी दी जाए, ताकि अधिकाधिक लोग शिविर में पहुंचकर लाभ प्राप्त कर सकें।
बैठक में उपायुक्त ने गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए कैंप स्थलों पर पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
बैठक में जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
