
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 23 मई। सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के आलोक मे शाहपुर प्रखंड प्रमुख गीता देवी के विरुद्ध पंचायत समिति सदस्यों ने लाया अविश्वास प्रस्ताव। सर्वोच्च न्यायालय के डायरी संख्या 479161124, गीता देवी बनाम बिहार सरकार केस मे 10 मार्च 2026 को पारित आदेश के आलोक मे प्रखंड के 11 पंचायत समिति सदस्यों ने हस्ताक्षर युक्त आवेदन देकर प्रखंड प्रमुख गीता देवी के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाया है। बीडीओ सह कार्यपालक पदाधिकारी शत्रुंजय कुमार सिंह ने 30 मई 2026 को 11.30 बजे प्रखंड परिसर स्थित सभागार मे अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा हेतू विशेष बैठक बुलाया है। बैठक का नोटिस सभी 26 पंचायत समिति सदस्यों को भेज दिया गया है। विदित हो कि शाहपुर प्रखंड मे कुल 28 पंचायत समिति सदस्य हैं। जिसमें से सरना पंचायत और सूहिया पंचायत के पंचायत समिति सदस्य का निधन होने से दो पंचायत समिति सदस्य का पद खाली है। विशेष बैठक मे दो तिहाई सदस्यों यानी 19 पंचायत समिति सदस्यों के उपस्थित रहने के बाद ही चर्चा होगी। इससे एक भी सदस्य के कम रहने पर पुनः प्रखंड प्रमुख पद पर गीता देवी काबिज हो जायेंगी। अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की तिथि मुकर्रर होने के साथ ही राजनीतिक गलियारे मे सरगर्मी बढ गई है। पंचायत समिति सदस्य अपने-अपने पक्ष मे पंचायत समिति सदस्यों को गोलबंद करने के जुगाङ मे लगे हुए हैं। जिन पंचायत समिति सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव हस्ताक्षर किए हैं उनमें हरिहरपुर पंचायत समिति सदस्य संतोष पासवान, बहोरनपुर पंचायत समिति सदस्य रमाशंकर सिंह, बरिसवन पंचायत समिति सदस्य कमलदेव तिवारी, लहंग डुमरिया पंचायत समिति सदस्य आभा देवी एवं रिकेश कुमार सिंह, देवमलपुर बहदुरी पंचायत समिति सदस्य रागिनि देवी, झौंवा वेनवलिया पंचायत समिति सदस्य महेश सिंह एवं चंदन कुमार प्रसाद, गौरा पंचायत समिति सदस्य आरती देवी, ईश्वरपुरा पंचायत समिति सदस्य शंभू प्रसाद तथा सुहिया पंचायत समिति सदस्य राजेश केशरी शामिल हैं।
