RK TV News
खबरें
Breaking News

केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण 20 से 30 अप्रैल तक अमेरिका और पेरू की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगी।

केंद्रीय वित्त मंत्री आईएमएफ-विश्व बैंक की वसंतकालीन बैठकों में भाग लेंगी।

RKTV NEWS/नई दिल्ली 19 अप्रैल।केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण 20 अप्रैल 2025 से अमेरिका और पेरू की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगी। अमेरिका की यात्रा के दौरान, केंद्रीय वित्त मंत्री 20 से 25 अप्रैल, 2025 तक सैन फ्रांसिस्को और वाशिंगटन डीसी का दौरा करेंगी।
20 अप्रैल 2025 से शुरू होने वाली सैन फ्रांसिस्को की अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान, केंद्रीय वित्त मंत्री सैन फ्रांसिस्को के स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय के हूवर इंस्टीट्यूशन में ‘विकसित भारत 2047 की नींव रखना’ विषय पर मुख्य भाषण देंगी, जिसके बाद एक फायरसाइड चैट सत्र होगा।
श्रीमती सीतारमण सैन फ्रांसिस्को में स्थित शीर्ष सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) फर्मों के सीईओ के साथ द्विपक्षीय बैठकें करने के अलावा निवेशकों के साथ एक गोलमेज बैठक के दौरान प्रमुख फंड प्रबंधन फर्मों के शीर्ष सीईओ के साथ बातचीत भी करेंगी। श्रीमती सीतारमण सैन फ्रांसिस्को में भारतीय प्रवासियों के एक कार्यक्रम में भी भाग लेंगी और वहां बसे भारतीय समुदाय के साथ बातचीत करेंगी।
22 से 25 अप्रैल 2025 तक वाशिंगटन डीसी, अमेरिका की अपनी यात्रा के दौरान, श्रीमती सीतारमण अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) और विश्व बैंक की स्प्रिंग मीटिंग, द्वितीय जी -20 वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नर (एफएमसीबीजी) बैठकों, विकास समिति प्लेनरी, आईएमएफसी प्लेनरी और वैश्विक संप्रभु ऋण गोलमेज (जीएसडीआर) बैठक में भाग लेंगी।
वाशिंगटन डीसी में स्प्रिंग मीटिंग्स के दौरान, श्रीमती सीतारमण अर्जेंटीना, बहरीन, जर्मनी, फ्रांस, लक्जमबर्ग, सऊदी अरब, ब्रिटेन और अमेरिका सहित कई देशों के अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगी; इसके अलावा वह वित्तीय सेवाओं के लिए यूरोपीय संघ के आयुक्त; एशियाई विकास बैंक (एडीबी) के अध्यक्ष; एशियाई अवसंरचना निवेश बैंक (एआईआईबी) के अध्यक्ष; वित्तीय स्वास्थ्य के लिए संयुक्त राष्ट्र महासचिव के विशेष अधिवक्ता (यूएनएसजीएसए); और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के प्रथम उप प्रबंध निदेशक से भी मुलाकात करेंगी।
26 से 30 अप्रैल 2025 तक पेरू की अपनी पहली यात्रा के दौरान, केंद्रीय वित्त मंत्री वित्त मंत्रालय के अधिकारियों और व्यापार जगत के नेताओं के एक भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगी और दोनों देशों के बीच मजबूत होते द्विपक्षीय आर्थिक और व्यापार संबंधों पर प्रकाश डालेगी।
लीमा से अपनी यात्रा की शुरूआत करते हुए, केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती सीतारमण पेरू की राष्ट्रपति दीना बोलुआर्टे और पेरू के प्रधानमंत्री गुस्तावो एड्रियनजेन से मुलाकात करेंगी। इसके अलावा वह पेरू के वित्त एवं अर्थव्यवस्था, रक्षा, ऊर्जा और खान मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगी और स्थानीय जन प्रतिनिधियों के साथ बातचीत भी करेंगी।
पेरू की अपनी यात्रा के दौरान, केंद्रीय वित्त मंत्री भारत-पेरू व्यापार मंच की बैठक की अध्यक्षता करेंगी, जिसमें भारत और पेरू दोनों देशों के प्रमुख व्यापार प्रतिनिधि शामिल होंगे। श्रीमती सीतारमण पेरू में वर्तमान में काम कर रहे भारतीय निवेशकों और व्यवसायों के साथ-साथ पेरू का दौरा करने वाले भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल के साथ भी बातचीत करेंगी।
महत्वपूर्ण खनिजों और बहुमूल्य धातुओं की वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में पेरू के महत्व को देखते हुए, इन बैठकों के दौरान खनन क्षेत्र में अधिक सहयोग के अवसरों का पता लगाने, विशेष रूप से भारत की संसाधन सुरक्षा को मजबूत करने और दोनों अर्थव्यवस्थाओं के बीच मूल्य-श्रृंखला संबंधों को सुविधाजनक बनाने की भी संभावना है।
केंद्रीय वित्त मंत्री लीमा में एक सामुदायिक कार्यक्रम में भी भाग लेंगी, जहां वह पेरू में रह रहे भारतीय प्रवासियों के साथ बातचीत करेंगी।

Related posts

भारत निर्वाचन आयोग के प्रतिनिधि के साथ मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने किया स्कूल ईएलसी का अवलोकन – बधिर विद्यार्थियों ने मॉक-पोलिंग के माध्यम से जागरूकता का दिया परिचय।

rktvnews

उत्तराखंड:मुख्यमंत्री ने लेखा परीक्षक के पद पर चयनित 51 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

rktvnews

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने स्टार्टअप इंडिया के एक दशक पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया।

rktvnews

राष्ट्रीय स्तर पर कैमूर का डहरक स्कूल जीता ‘स्वच्छ-हरित’ अवार्ड।

rktvnews

अवैध बालू लदा ट्रैक्टर जप्त।

rktvnews

दरभंगा:चापाकल मरम्मत्ति हेतु करें सम्पर्क दलों से संपर्क।

rktvnews

Leave a Comment