
आरा/भोजपुर ( डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)18 दिसंबर। सोमवार को दलित समाज की नाबालिग के साथ कुकर्म करने और जान से मारने को लेकर मंगलवार को भोजपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक राम के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल पीड़ित परिवार के घर जाकर घटना की पूर्ण जानकारी ली। बाद में जिला अध्यक्ष अशोक राम ने घटना की तीव्र भर्त्सना करते हुए बिहार सरकार से पीड़ित परिवार के लिए उचित मुंआवजे की मांग करते हुए कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार का बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ का नारा पूरी तरह विफल है। बिहार में बेटियां अपने आप को कही भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रही है। राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो गई है, अपराधी बेलगाम हो चुके हैं। सूबे के मुखिया गहरी निंद्रा में हैं। जिलाध्यक्ष अशोक राम ने बिहार सरकार से मांग किया कि दोषी व्यक्ति को अविलंब गिरफ्तार करते हुए स्पीडी ट्रायल के माध्यम से फांसी की सजा सुनिश्चित की जाए ताकि पीड़ित आत्मा को शांति मिल सके। अन्यथा की स्थिति में भोजपुर जिला कांग्रेस कमेटी इस आंदोलन को अपने हाथों में लेने के लिए बाध्य हो जाएगी।
शिष्टमंडल में सत्य प्रकाश राय, रजी अहमद, जितेन्द्र शर्मा, डॉ अमित कुमार द्विवेदी, वीरेंद्र मिश्रा, सूरज प्रकाश, रविन्द्र कुमार उर्फ रवि राम, संपत सिंह सहित दर्जनों कांग्रेसी नेता एवं कार्यकर्ता शामिल थे।
