
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 26 सितम्बर। भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड के ईश्वरपुरा गाँव के एक बालक की भागड़ में डूबने से मौत हो गई। मृतक अंकित कुमार चौधरी (10 वर्ष) ईश्वरपुरा के अनिल कुमार चौधरी का पुत्र है। जीवित्पुत्रिका व्रत के दिन 25 सितंबर को अंकित कुमार चौधरी ईश्वरपुरा के चिमनी भट्ठा के पास नहाने गया था। इसी बीच भागङ में गहरे पानी में जाने से वह डूब गया। काफी प्रयास के बाद भी उसका शव 25 सितंबर को बरामद नहीं किया जा सका। करनामेपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से बालक का शव दूसरे दिन 26 सितंबर को बरामद किया जा सका। थाना अध्यक्ष चंदन कुमार ने शव को अंत्यपरीक्षण हेतू आरा सदर अस्पताल परिजनों के साथ भेज दिया। इस घटना से मृतक के घर हाहाकार मच गया। रोते-रोते परिजनों का बुरा हाल है।
