कनीना/महेन्द्रगढ़ 26 जुलाई। खेल में हार जीत होती रहती है, लेकिन खेल को खेल भावना से खेलना चाहिए। यह बात उपायुक्त मोनिका गुप्ता आईएएस ने आज जवाहर नवोदय विद्यालय करीरा में दो दिवसीय जयपुर संभाग के 32 वें संभागीय स्तरीय बास्केटबॉल एवं स्किपिंग खेलों का शुभारंभ करते हुए कही। इस मौके पर डीसी मोनिका गुप्ता ने पौधारोपण भी किया।
डीसी मोनिका गुप्ता ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। हमें खेल में हार कर भी कभी हार नहीं माननी चाहिए। हमेशा जीत के लिए प्रयास करते रहना चाहिए। एक दिन आप का प्रयास ही हार को जीत में बदल देगा। खिलाड़ी का प्रतियोगिता में भाग लेना अपने आप में गर्व की बात है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि स्कूल स्तर पर आयोजित होने वाली सभी प्रतियोगिता में भाग लेना चाहिए। स्कूल स्तर की प्रतियोगिता में विजय हासिल कर ही एक दिन अंतर्राष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी बनता है।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि हरियाणा उदय कार्यक्रम के तहत सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिए आमजन को जागरूक किया जा रहा है। वहीं दूसरी और सिंगल यूज प्लास्टिक व नशा से दूर रहने व अधिक से अधिक पौधारोपण करने के बारे में भी प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं में वह ऊर्जा होती है अगर वह किसी काम को करने की ठान लेते हैं तो उसे पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ते।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया की अपने परिवार व अपने आसपास के लोगों को नशा न करने व अधिक से अधिक पौधारोपण करने के लिए प्रेरित करें।
प्राचार्य राजीव कुमार सक्सेना ने विद्यालय में पहुंचने पर उपायुक्त मोनिका गुप्ता का स्वागत किया। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मंच संचालन विद्यालय प्राध्यापिका सुदेश कुमारी ने किया।
इस अवसर पर गांव की सरपंच सपना यादव, गांव के गणमान्य लोग, समस्त स्कूल स्टाफ व विद्यार्थी मौजूद थे।
