अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित निगरानी एवं सघन अभियान चलाने का निर्देश।
RKTV NEWS/चतरा(झारखंड)30 सितंबर।समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित निगरानी एवं अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला खनन पदाधिकारी मनोज टोप्पो द्वारा अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध की गई कार्रवाई की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में सितंबर 2026 तक अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 26 वाहन जब्त किए गए तथा 18 प्राथमिकी दर्ज की गईं। वहीं, कार्रवाई के दौरान पकड़े गए 79 वाहनों से ₹34.15 लाख से अधिक की दंड राशि की वसूली की गई है।
वहीं, वित्तीय वर्ष 2025-26 में सितंबर 2025 तक अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 124 वाहन जब्त किए गए थे तथा 52 प्राथमिकी दर्ज की गई थीं। इस अवधि में 142 वाहनों से ₹25.58 लाख से अधिक की दंड राशि की वसूली की गई थी।
अवैध खनन एवं परिवहन पर नियमित निगरानी का निर्देश
बैठक के दौरान उपायुक्त रवि आनंद द्वारा अंचलवार एवं कार्यालयवार अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। विगत वर्ष की तुलना में चालू वित्तीय वर्ष में प्राथमिकी की संख्या कम रहने के संबंध में जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि 27 अप्रैल 2026 को The Jharkhand Minerals (Prevention of Illegal Mining, Transportation and Storage) Amendment Rules, 2026 अधिसूचित किए गए हैं। उक्त नियमावली के तहत अवैध परिवहन में पकड़े गए वाहनों के संबंध में सक्षम पदाधिकारी से अनुमोदन के उपरांत Compounding का प्रावधान किया गया है। वर्तमान में अवैध परिवहन में पकड़े गए वाहनों के मामलों में नियमानुसार Compounding की कार्रवाई करते हुए दंड राशि की वसूली की जा रही है।
उपायुक्त ने जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स के सभी सदस्यों को विशेष रुचि लेकर जिले में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने तथा नियमित रूप से निगरानी एवं अनुश्रवण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध खनन एवं परिवहन की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाते हुए पर्यावरण एवं राजस्व को होने वाली क्षति को न्यूनतम करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
खनिज परिवहन में VTD एवं GPS पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश
समीक्षा के क्रम में सीसीएल द्वारा खनिज परिवहन में प्रयुक्त वाहनों पर VTD के पंजीकरण की प्रगति शून्य पाए जाने पर उपायुक्त ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सीसीएल की सभी संबंधित परियोजनाओं के परियोजना पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि खनिज परिवहन में प्रयुक्त सभी वाहनों में AIS-140 Certification प्राप्त VTD (GPS) का इंस्टॉलेशन सुनिश्चित कराते हुए सभी वाहनों का VTS Portal पर पंजीकरण कराया जाए।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि उक्त कार्रवाई की प्रगति से संबंधित प्रतिवेदन अगली बैठक से पूर्व जिला खनन कार्यालय, चतरा को उपलब्ध कराया जाए, ताकि इसकी नियमित समीक्षा की जा सके।
तिरपाल से ढककर ही कोयला परिवहन करने का निर्देश
बैठक में पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने आमजनों की सुरक्षा तथा प्रदूषण से बचाव के दृष्टिकोण से कोयले का परिवहन तिरपाल से ढककर किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने सीसीएल प्रबंधन को सभी संबंधित वाहनों में निर्धारित सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में निर्देश दिया गया कि बिना VTD अथवा बिना तिरपाल से ढके कोयले का परिवहन करते पाए जाने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा ऐसे वाहनों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
Entry-Exit Point एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर CCTV लगाने का निर्देश
उपायुक्त ने सीसीएल प्रबंधन को सभी कोयला खनन परियोजना क्षेत्रों में वाहनों की Entry एवं Exit Point, Loading/Unloading Point, Weighbridge, Railway Siding सहित अन्य आवश्यक एवं संवेदनशील स्थलों पर CCTV कैमरे स्थापित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सीसीटीवी की स्थापना एवं अन्य निर्देशों के अनुपालन से संबंधित प्रतिवेदन अगली बैठक से पूर्व जिला खनन कार्यालय, चतरा को उपलब्ध कराने को कहा।
CISF द्वारा अवैध खनन के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की समीक्षा
बैठक में उपस्थित केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के डिप्टी कमांडेंट द्वारा अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध CISF द्वारा की जा रही कार्रवाई की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि MMDR Act, 1957 की धारा 22 के तहत कोयला मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा सीसीएल के पदाधिकारियों एवं CISF को अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण से संबंधित मामलों में सक्षम न्यायालय के समक्ष संबंधित अवैधकर्ता के विरुद्ध शिकायतवाद दायर करने की शक्ति प्रदान की गई है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में चतरा जिले के एन.के. एरिया, आम्रपाली एवं पिपरवार क्षेत्र में CISF की प्रतिनियुक्ति है। CISF द्वारा चलाए जा रहे छापामारी अभियान के दौरान वर्तमान अवधि तक लगभग 2,000 टन कोयला, 05 हाईवा वाहनों सहित अन्य वाहन एवं उपकरण जब्त किए गए हैं तथा कार्रवाई लगातार जारी है।
Rat Hole Mining पर प्रभावी निगरानी के निर्देश
उपायुक्त रवि आनंद ने सीसीएल के अधिग्रहित क्षेत्र अथवा उससे सटे भू-भाग पर Rat Hole Mining जैसी अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए खनन टास्क फोर्स के सदस्यों एवं CISF को नियमित निगरानी एवं अनुश्रवण करने का निर्देश दिया।
उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसे अवैध खनन स्थलों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, मानसून अवधि के बाद सीसीएल प्रबंधन के सहयोग से चिन्हित अवैध खनन मुहानों की डोजरिंग की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बिना CTE/CTO संचालित इकाइयों पर कार्रवाई के निर्देश
बैठक में झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (JSPCB), हजारीबाग के क्षेत्रीय पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि बिना CTE/CTO के संचालित क्रशर इकाइयों, खनन पट्टों, ईंट-भट्ठों एवं अन्य खनन गतिविधियों के विरुद्ध प्रदूषण नियंत्रण संबंधी नियमों के तहत नियमानुसार कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही, जिन खनन एवं क्रशर इकाइयों को CTE/CTO प्राप्त है, वहां निर्धारित प्रदूषण मानकों का अनुपालन किया जा रहा है अथवा नहीं, इसकी जांच करने तथा नियमों के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिले में अवैध रूप से स्थापित अथवा संचालित चिमनी ईंट-भट्ठों को चिन्हित कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए चिमनी को ध्वस्त करने का भी निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले में अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने नियमित जांच, निगरानी एवं कार्रवाई की प्रक्रिया को निरंतर बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण एवं सरकारी राजस्व की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी, वन प्रमंडल पदाधिकारी, उत्तरी वन प्रमंडल, राहुल मीणा, डीएसपी मुख्यालय, जिला खनन पदाधिकारी मनोज टोप्पो, सीसीएल की विभिन्न परियोजनाओं के प्रतिनिधि सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

