विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित हुआ दो दिवसीय विशेष सहायता शिविर।
RKTV NEWS/जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम)20 जुलाई।विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 18 एवं 20 जुलाई को मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष सहायता शिविर आयोजित किए गए। शिविर में मतदाताओं को इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराने, फॉर्म भरने में सहयोग, जमा करने तथा डिजिटाइजेशन एवं मैपिंग संबंधी सहायता प्रदान की गई।
विशेष सहायता शिविर के अंतिम दिन जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने मानपीटा, घोड़ाबांधा एवं बर्मामाइंस क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ द्वारा इन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण, संग्रहण, डिजिटाइजेशन तथा मतदाताओं को दी जा रही सहायता का जायजा लिया और कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन ने कहा कि विशेष सहायता शिविरों का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता को इन्यूमरेशन फॉर्म भरने एवं जमा करने में हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराना था। जिन मतदाताओं ने अभी तक अपना इन्यूमरेशन फॉर्म ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन माध्यम से भरकर एवं हस्ताक्षर कर बीएलओ को उपलब्ध नहीं कराया है, वे बिना विलंब इसे अपने संबंधित बीएलओ को जमा करें, ताकि उसका डिजिटाइजेशन समय पर पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान मतदाता सूची में दर्ज सभी मतदाताओं के लिए इन्यूमरेशन फॉर्म मुद्रित कर बीएलओ के माध्यम से घर-घर पहुंचाया गया है। मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन की प्रक्रिया में समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के लिए सभी मतदाताओं का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान ईआरओ सह अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, संबंधित बूथों के बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं बड़ी संख्या में मतदाता उपस्थित थे।

