
RKTV NEWS/दुमका (झारखंड)08 जून।उपायुक्त-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनगणना 2027 से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी चार्ज पदाधिकारी एवं जनगणना 2027 से संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी जुड़े।
बैठक के दौरान जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में जामा चार्ज द्वारा उक्त कार्य को शत-प्रतिशत पूर्ण किए जाने पर उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी, जामा एवं संबंधित टीम को बधाई दी तथा अन्य चार्ज क्षेत्रों को भी निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान नगर परिषद दुमका एवं नगर पंचायत बसुकीनाथ क्षेत्र में कार्य की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी पाई गई। इस पर उपायुक्त ने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद दुमका एवं नगर पंचायत बसुकीनाथ सहित सभी चार्ज पदाधिकारियों को कार्य में तेजी लाते हुए जनगणना 2027 के प्रथम चरण का कार्य ससमय पूर्ण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनगणना का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी संबंधित पदाधिकारी समन्वय स्थापित करते हुए गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
बैठक के दौरान अबुआ जाति-निवासी प्रमाण पत्र अभियान की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि अभियान का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचे, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि कार्यक्रम आयोजन से पूर्व व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के अधिकाधिक लोग शिविरों में पहुँचकर लाभ प्राप्त कर सकें।
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान शिविरों का नियमित आयोजन किया जाए तथा प्रत्येक कार्यक्रम में संबंधित प्रधान एवं पदाधिकारी की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजनों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।
