
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)06 जून।आज जिला पदाधिकारी, भोजपुर, तनय सुलतानिया ने पीरो स्थित त्रिडंडी स्वामी डिग्री कॉलेज परिसर का निरीक्षण कर राज्य सरकार के ‘सात निश्चय-3’ कार्यक्रम के अंतर्गत प्रस्तावित नए डिग्री महाविद्यालय की स्थापना हेतु चल रही तैयारियों एवं आधारभूत संरचना विकास कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसी के साथ परिसर का अवलोकन करते हुए सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत प्रत्येक प्रखंड में एक डिग्री महाविद्यालय स्थापित किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध हो सके। उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार इन प्रस्तावित महाविद्यालयों में 01 जुलाई 2026 से शैक्षणिक गतिविधियों एवं कक्षाओं का संचालन प्रारंभ करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं का विकास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इन महाविद्यालयों के संचालन से स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध होंगे। निरीक्षण के अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, पीरो, विशेष कार्य पदाधिकारी भोजपुर, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा), प्रखंड विकास पदाधिकारी, पीरो, अंचलाधिकारी, पीरो सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कार्यकारी एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
