
आरा/भोजपुर ( डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)01 जून।बिहार के भोजपुर जिले में साइबर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग और साइबर ठगी से जुड़े एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से 46 मोबाइल फोन, 7 लैपटॉप सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैंकिंग दस्तावेज और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। भोजपुर पुलिस की साइबर अपराध के खिलाफ ये अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है।
साइबर डीएसपी स्नेह सेतु के मुताबिक पटना के एक फ्लैट से अपना काम कर रहा।ये गैंग दुबई में बैठे बॉस द्वारा आपरेट किया जा रहा था। इस गैंग ने अलग-अलग बैंक खातों में लगभग 8 करोड़ रुपए का लेनदेन किया था।
प्रारंभिक जांच में ग्रामीण बैंक खातों के माध्यम से करोड़ों रुपये के ट्रांजैक्शन की जानकारी मिली है। पुलिस के अनुसार इस नेटवर्क के तार विदेश, विशेषकर दुबई में बैठे संचालकों से भी जुड़े होने की आशंका है, जो टेलीग्राम और व्हाट्सएप जैसे माध्यमों से निर्देश देते थे। साइबर थाना की टीम ने तकनीकी निगरानी और मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर छापेमारी कर गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया। बरामद मोबाइल, लैपटॉप और बैंक खातों की जांच की जा रही है ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
