
RKTV NEWS/दुमका ( झारखंड)20 अप्रैल।दुमका जिला में सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उपायुक्त अभिजीत सिन्हा के निर्देशानुसार जिला परिवहन पदाधिकारी दुमका एवं मोटर यान निरीक्षक दुमका द्वारा शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
यह अभियान अटल बिहारी बस पड़ाव के सामने, पोखरा चौक एवं जेल गेट के समक्ष संचालित किया गया। जांच के दौरान कुल 11 वाहनों से 31,500/- रुपये का दंड शुल्क वसूल किया गया। मुख्य सड़क पर अवैध रूप से पार्किंग किए गए वाहनों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान स्कूल बसों की औचक जांच भी की गई। जिन बसों में खिड़कियों पर जाली/ग्रिल एवं GPS उपकरण मानक के अनुरूप नहीं पाए गए, उन्हें सख्त चेतावनी देते हुए CBSE/AFF/Circular-8/2017 के अनुसार 24 घंटे के भीतर सभी आवश्यक सुधार करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने पर संबंधित वाहन संचालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी स्कूल बसें एवं अन्य वाहन निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करें, ताकि आमजन, विशेषकर स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध जुर्माना वसूली की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
