पदाधिकारियों संग बैठक एवं मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण।

सुगम, पारदर्शी, निष्पक्ष एवं स्वतंत्र मतदान हेतु दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।
RKTV NEWS/जमशेदपुर ( पूर्वी सिंहभूम)19 फरवरी। चाकुलिया नगर पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) कर्ण सत्यार्थी द्वारा प्रखंड सभागार, चाकुलिया में एक विस्तृत समीक्षा बैठक की गई। बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को उनके दायित्वों के प्रति सजग रहने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान बी.एल.ओ. (Booth Level Officer) को घर-घर जाकर मतदाता पर्ची वितरण सुनिश्चित करने, छूटे हुए मतदाताओं तक पहुंचने तथा विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया गया। साथ ही यह भी कहा गया कि मतदाता सूची से संबंधित शिकायतों का त्वरित निष्पादन किया जाए।
सेक्टर मजिस्ट्रेट से प्रत्येक मतदान केंद्र पर उपलब्ध AMF (Assured Minimum Facility) की स्थिति की जानकारी ली गई। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी मतदान केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बिजली, रैम्प, बैठने की व्यवस्था, छाया, संकेतक बोर्ड, हेल्प डेस्क तथा सुरक्षा प्रबंध अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराए जाएं। दिव्यांग एवं वृद्ध मतदाताओं की सुविधा हेतु विशेष प्रबंध करने को भी कहा गया।
बैठक के उपरांत जिला निर्वाचन पदाधिकारी(नगरपालिका) द्वारा विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में
बूथ संख्या 10/1 एवं 10/2 — केएनजे हाई स्कूल, सुगनीबासा
बूथ संख्या 11/1 एवं 11/2 — आनंद मार्ग (पूर्वी एवं पश्चिमी भाग)
बूथ संख्या 5/1 — मनोहरलाल उच्च विद्यालय शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान मतदान कक्ष, प्रवेश-निकास मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, मतदाताओं के आवागमन की सुविधा, पेयजल, शौचालय, रैम्प, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की जांच की गई। उपायुक्त ने समग्र व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए शेष कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिए।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया लोकतंत्र का महत्वपूर्ण पर्व है, इसलिए सभी पदाधिकारी निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं करें। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी घाटशिला, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी घाटशिला, सभी निर्वाची पदाधिकारी, सहायक निर्वाची पदाधिकारी, चाकुलिया नगर पंचायत के विशेष पदाधिकारी, थाना प्रभारी चाकुलिया, बीएलओ सुपरवाइजर, सभी बीएलओ, सेक्टर पदाधिकारी तथा निर्वाचन कार्य में संलग्न प्रखंड, अंचल एवं नगर निकाय कर्मी उपस्थित थे।

