“हुनरमंद हाथों से सजता बिहार” थीम पर आधारित होगा मेला।

तैयारियों को दिया जा रहा अंतिम रूप।

जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी हिमांशु शर्मा ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर की समीक्षा।

ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार करेंगे मेले का उद्घाटन।
RKTV NEWS/पटना(बिहार)10 दिसंबर ।हस्तशिल्प का शानदार उत्सव बिहार सरस मेला का आगाज़ 12 दिसंबर 2025 से गाँधी मैदान, पटना में होने जा रहा है l सरस मेला 12 दिसंबर से प्रारंभ होकर 28 दिसंबर तक चलेगा l बिहार सरस मेला “हुनरमंद हाथों से सजता बिहार” थीम पर आधारित है l
बिहार सरस मेला का आयोजन ग्रामीण विकास विभाग के तत्वाधान में बिहार ग्रामीण जीविकोपार्जन प्रोत्साहन समिति, जीविका द्वारा किया जा रहा है l
ग्रामीण उद्यमिता को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से आयोजित बिहार सरस मेला का उदघाटन श्रवण कुमार मंत्री, ग्रामीण विकास विभाग , बिहार सरकार ने करने की सहमती प्रदान की है।
इस अवसर पर लोकेश कुमार सिंह, सचिव ग्रामीण विकास विभाग, बिहार बतौर विशिट अतिथि उपस्थित रहेंगे l
हिमांशु शर्मा , मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी , जीविका और अभिलाषा शर्मा , अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी सह आयुक्त , मनरेगा की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी l
बिहार सरस मेला-2025 गाँधी मैदान के बड़े भू-भाग पर 17 दिनों के लिए आयोजित किया जा रहा है।
क्या होगा खास
1. पांच सौ से अधिक स्टॉल से बिहार समेत 25 राज्यों की स्वयं सहायता समूह से जुडी महिला उद्यमियों की सहभागिता होगी l जो अपने -अपने प्रदेश के हस्तशिल्प, लोककला और मशहूर देशी व्यंजनों को लेकर प्रदर्शनी सह बिक्री के लिए लेकर आ रही हैं l
2. महिला एवं बाल विकास निगम, उद्योग संघ , नगर निगम, पटना समेत कई सरकारी विभाग , बैंक और वित्तीय संस्थाओं को भी स्टॉल आवंटित किये गए हैं l इनके स्टॉल पर आगंतुक लोक कल्याणकारी योजनाओं से आगंतुक रूबरू एवं लाभान्वित होंगे l
3. फ़ूड जोन में दीदी की रसोई समेत कई प्रदेशों के देशी, पौष्टिक एवं मशहूर व्यंजन परोसे जायेंगे l
4. सभी स्टॉल पर कैशलेश खरीददारी की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
5. रुपयों की जमा -निकासी के लिए जीविका दीदियों द्वारा ग्राहक सेवा केंद्र भी उपलब्ध होंगे l
6. जीविका दीदियों द्वारा संचालित शिल्पग्राम के हस्तशिल्प उत्पाद, मधुग्राम के मधु तथा सतत जीविकोपार्जन योजना के लाभार्थियों द्वारा निर्मित उत्पाद खास होंगे ।
7. पलना घर, फेन जोन और सेल्फी जोन स्थापित किये जा रहे हैं l
8. प्रतिदिन सम -सामयिक मुद्दों पर आधारित सेमिनार, लोकगीत एवं लोक नृत्य पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम, गीत-गजल और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन हेतु जन –जागरण के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति होगी l
9. आगंतुकों की सुविधा हेतु हेल्प एवं स्वास्थ्य डेस्क भी बनाए गए है।
10. प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क है।
आज 10 दिसंबर , बुधवार को हिमांशु शर्मा , मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जीविका ने आयोजन की समीक्षा की और आयोजन स्थल का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश भी दिया l इस अवसर पर आयोजन से संबंधित सभी कर्मी उपस्थित रहे l

