
आरा/भोजपुर( डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)09 अक्टूबर।आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी भोजपुर तनय सुल्तानिया के निर्देशानुसार भोजपुर जिले में जीविका दीदियों एवं आंगनवाड़ी सेविकाओं के द्वारा मतदाताओं को जागरूक करने हेतु विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया गया।
आज जिले में रंगोली कार्यक्रम, मेहंदी प्रतियोगिता एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन कर मतदाताओं से मतदान प्रक्रिया मे शामिल होने का अपील किया गया। इस दौरान जीविका दीदियों एवं आंगनवाड़ी सेविकाओं ने रंगोली एवं मेहंदी डिजाइन के माध्यम से मतदान का संदेश दिया। मेहंदी एवं रंगोली की सुंदर आकृतियों में वोट देने की अपील को कलात्मक रूप से प्रदर्शित किया गया, जिससे लोगों में मतदान के प्रति उत्साह और जागरूकता बढ़ी। जीविका दीदियों ने विभिन्न स्थानों पर शपथ ग्रहण समारोह आयोजित कर यह दृढ़ निश्चय किया कि वे स्वयं मतदान करेंगी और अपने परिवार एवं समुदाय को भी शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित करेंगी। उन्होंने यह भी संकल्प लिया कि लोकतंत्र के इस महापर्व में हर मतदाता की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
