
RKTV NEWS/ आरा (भोजपुर)05 अगस्त। आज जिलाधिकारी भोजपुर तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि तथा शाहपुर सहित अन्य अंचलों में संभावित बाढ़ की स्थिति को लेकर एवं निर्वाचन संबंधी कार्यों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बाढ़ समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने सभी प्रशासनिक इकाइयों को हाई अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया। उन्होंने 24×7 जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के निर्बाध संचालन को सुनिश्चित करने, बाढ़ प्रभावित नागरिकों को त्वरित राहत एवं हर संभव सहायता न्यूनतम समय में प्रदान करने तथा किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं बरतने के स्पष्ट निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने शाहपुर अंचल अंतर्गत जवइनियाँ गांव में जिला प्रशासन द्वारा संचालित राहत कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को प्रभावी एवं समन्वित कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश दिए। निर्वाचन संबंधी समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों से विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की। साथ ही, उन्होंने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को डेटा अपलोडिंग कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण की जा सके।
बैठक में संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी, अनुमंडल स्तरीय पदाधिकारी,प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
