RK TV News
खबरें
Breaking News

पटना:बिहार दिवस 2025: बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा आपदा जागरूकता का अनूठा प्रयास।

बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की पहल से आपदा सुरक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता।

RKTV NEWS/पटना(बिहार )23 मार्च।बिहार दिवस 2025 के शुभ अवसर पर बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (बीएसडीएमए) के पवेलियन में आपदाओं से बचाव के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने हेतु विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को आपदा प्रबंधन की महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी जा रही हैं।
प्राधिकरण द्वारा संचालित मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत मध्य विद्यालय नवीन आदर्श, पुलिस लाइन, पटना, कन्या मध्य विद्यालय, गोलघर एवं राजा राम मोहन राय सेमिनरी, खजांची रोड के छात्र-छात्राओं ने आपदा से बचाव के महत्वपूर्ण गुण सीखे। बच्चों को कठपुतली शो, नुक्कड़ नाटक, अंताक्षरी प्रतियोगिता एवं चित्रकला के माध्यम से आपदाओं से बचाव की जानकारी दी गई।
प्राधिकरण के पवेलियन में ड्रोन के माध्यम से आपदाओं से बचाव की तकनीकों का प्रदर्शन किया जा रहा है। साथ ही, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) द्वारा आयोजित डॉग शो में आपदा के समय खोज और बचाव अभियान की बारीकियों को समझाया गया, जिसमें विशेष रूप से भूकंप के बाद मलबे में दबे लोगों की खोज की तकनीकों का प्रदर्शन किया गया। संवर्धित वास्तविकता और आभासी वास्तविकता (एआर-वीआर) 365 डिग्री तकनीक के माध्यम से लू, आग, भूकंप जैसी आपदाओं की जानकारी वर्चुअल वातावरण में प्रदर्शित की जा रही है।
दिव्यांगजन आपदा सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत दिव्यांग बच्चों द्वारा नाटकों के माध्यम से भूकंप, बाढ़, डूबने की घटनाएँ, आग से सुरक्षा, सड़क सुरक्षा एवं वज्रपात से बचाव की जानकारी दी जा रही है। साथ ही, इन बच्चों द्वारा निर्मित विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय भी किया जा रहा है।
प्राधिकरण द्वारा विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों के सहयोग से एक अनूठी प्रदर्शनी आयोजित की गई है, जिसमें आईआईटी-पटना, बिहार मौसम सेवा केंद्र (बीएमएसके), भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो), टाटा सामाजिक विज्ञान संस्थान (टीआईएसएस), संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी), टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी), एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, जीपीएसवीएस, दोस्ताना सफर, सीड्स, उत्कर्ष एक पहल, सोटो, वोल्ट्रॉन एआर/वीआर गेम स्टूडियो, बिहार अग्निशमन सेवा जैसी संस्थाएँ शामिल हैं। प्राधिकरण के पवेलियन में विभिन्न हितधारकों के स्टॉलों पर प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को आपदाओं से बचाव और प्रबंधन की जानकारी दी जा रही है।
पवेलियन में अस्पताल अग्नि सुरक्षा मॉडल एवं मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के स्टॉल के माध्यम से राज्य में प्राधिकरण द्वारा संचालित अभिनव कार्यक्रमों की जानकारी दी जा रही है। कंपन टेबल (शेक टेबल) तकनीक के माध्यम से भूकंप के दौरान भवनों की संरचना पर प्रभाव का प्रदर्शन किया जा रहा है और यह भी बताया जा रहा है कि भवन निर्माण में किस प्रकार के नींव, स्तंभ, बैंड और छत के बंधन से भूकंप के प्रभाव को कम किया जा सकता है।
बीएसडीएमए के प्रांगण में एसडीआरएफ के स्टॉल पर आए हुए आगंतुकों को आपदा बचाव उपकरणों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। इसमें बोरवेल बचाव उपकरण, वीएलसी, कटिंग उपकरण (आर पी सॉ, एंगल कटर, डायमंड चेन सॉ, रोटरी हैमर ड्रिल मशीन, चिपिंग हैमर, रोटरी रेस्क्यू सॉ, सर्कुलर सॉ), एयर लिफ्टिंग बैग, कॉमालॉग, सक्शन यूनिट एवं विभिन्न प्रकार की राफ्टिंग तकनीकों की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त, सर्पदंश प्रबंधन, प्राथमिक उपचार (सीपीआर, रक्तस्राव नियंत्रण, स्प्लिंटिंग आदि) पर भी जागरूकता फैलाई गई।
साथ ही, उत्कर्ष एक पहल के माध्यम से स्वास्थ्य जाँच जैसे रक्तचाप, मधुमेह, नेत्र परीक्षण एवं अन्य आवश्यक चिकित्सा परीक्षण किए जा रहे हैं। नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सड़क दुर्घटना प्रबंधन और आपदा सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को भी दर्शकों तक पहुँचाया जा रहा है।
बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा यह पहल राज्य में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं लोगों को आपदाओं से सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Related posts

आरईसी पश्चिम बंगाल के रघुनाथपुर में 1, 320 मेगावाट की ताप विद्युत परियोजना स्थापित करने के लिए दामोदर वैली कॉरपोरेशन को ऋण प्रदान करेगा।

rktvnews

रांची: “णमोकार महामंत्र” एक ऐतिहासिक दिवस।

rktvnews

भोपाल के चार साहित्यकार प्रयागराज में होंगे अखिल भारतीय सम्मानों से सम्मानित।

rktvnews

शहर का हाशिया !..: सुधीर सुमन

rktvnews

आल इंडिया थियेटर कौंसिल A.I.T.C एवं आरा रंगमंच द्वारा की गई शोक सभा।

rktvnews

देवघर:उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में मैट्रिक व इंटर परीक्षा के सफल संचालन को लेकर बैठक का आयोजन।

rktvnews

Leave a Comment