RK TV News
खबरें
Breaking News

बिहार:मुख्यमंत्री ने गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर का किया निरीक्षण, बाढ़ राहत शिविर का लिया जायजा।

बाढ़ से केले की फसल को जो नुकसान हुआ है उसका भी मुआवजा किसानों को दिया जाय : मुख्यमंत्री

RKTV NEWS/पटना(बिहार )21 सितम्बर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सड़क मार्ग से पटना के आसपास गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जे०पी० गंगा पथ के दीघा घाट से कंगन घाट तक गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के क्रम में जे०पी० गंगा पथ के कंगन घाट, गांधी घाट एवं कृष्णा घाट पर रूककर गंगा नदी के आसपास के इलाकों की स्थिति को देखा और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। अशोक राजपथ को जे०पी० गंगा पथ से मिलानेवाले कृष्णा घाट पर निर्माणाधीन पहुँच पथ की भी मुख्यमंत्री ने जानकारी ली और तेजी से निर्माण पूर्ण करने का निर्देश दिया। गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने पटना के जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि गंगा नदी के किनारे वाले क्षेत्रों में बढ़ते जलस्तर को ध्यान में रखते हुये पूरी तरह अलर्ट रहें और सारी तैयारी पूर्ण रखें। स्थिति की लगातार समीक्षा
करते रहें और आवश्यक कार्रवाई त्वरित करें।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री गांधी सेतु होते हुये हाजीपुर पहुँचे तथा हाजीपुर में बनाये गये बाढ़ राहत शिविर का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने बाढ़ राहत शिविर में रह रहे लोगों से बातचीत कर वहां की व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। बाढ़ राहत शिविर में मुख्यमंत्री ने वैशाली जिला के जिलाधिकारी को निर्देश देते हुये कहा कि सभी राहत शिविरों में रह रहे लोगों की सुविधाओं का ख्याल रखें। स्थिति की निरंतर मॉनिटरिंग करते रहें। निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने बाढ़ से केले की फसल को हुये नुकसान को देखते हुये अधिकारियों को निर्देश दिया कि केले की फसल को जो नुकसान पहुँचा है उसका समुचित मुआवजा किसानों
को दिया जाय। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग इसका सर्वे कराकर समुचित कार्रवाई सुनिश्चित करे।
मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों को निर्देश देते हुये कहा कि जल संसाधन विभाग पूरी तरह मुस्तैद रहे और लगातार मॉनिटरिंग करते रहे। निचले इलाकों में जहाँ पानी बढ़ रहा है, संभावित परिस्थितियों पर पूरी नजर रखें। जिलाधिकारी सतत् निगरानी करते रहें। उन्होंने कहा कि अभियंतागण पूरी तरह अलर्ट रहें और वरीय पदाधिकारी स्थल पर कैंप करते रहें। आपदा प्रबंधन विभाग सतत् अनुश्रवण करते रहें कि और क्या-क्या करने की जरूरत है ताकि लोगों को कोई दिक्कत नहीं हो। बाढ़ की स्थिति में प्रभावितों को एस०ओ०पी० के अनुसार पूरी सहायता उपलब्ध करायी जाय। सरकार के खजाने पर पहला अधिकार आपदा पीड़ितों का होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मानक संचालन प्रक्रिया (एस०ओ०पी०) के अनुसार सभी जिलों एवं संबद्ध विभागों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिये गये हैं जिसका अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाय। उन्होंने कहा कि नाव संचालन, पॉलिथिन शीट्स, राहत सामग्री की उपलब्धता, दवा, पशुचारा, बाढ़ आश्रय स्थल, सामुदायिक रसोई, ड्राई राशन पैकेट्स / फूड पैकेट्स, जिला आपातकालीन संचालन केंद्र आदि के संबंध में पूरी व्यवस्था रखें ताकि लोगों को तुरंत राहत पहुँचाया जा सके।
निरीक्षण के दौरान विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष पदाधिकारी गोपाल सिंह, पटना के जिलाधिकारी डॉ० चन्द्रशेखर सिंह, वैशाली के जिलाधिकारी यशपाल मीणा, पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा, वैशाली जिला के पुलिस अधीक्षक हरकिशोर राय सहित अन्य अधिकारीगण एवं जल संसाधन विभाग के अभियंतागण उपस्थित थे।

Related posts

भोजपुर: स्वामी विवेकानंद समाज कल्याण संस्थान ने आयोजित किया डॉ सच्चिदानंद सिन्हा सम्मान समारोह।

rktvnews

उज्जैन में 15 और 16 जून को क्षिप्रा परिक्रमा, गंगा दशमी से जुड़ेंगे नागरिक।

rktvnews

बदहाल मनरेगा : रोजगार नहीं, निराशा की गारंटी

rktvnews

चतरा:निर्वाचन कार्यालय स्थित वेयर हाउस का उपायुक्त ने किया निरीक्षण, सीसीटीवी समेत अन्य सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा।

rktvnews

पूर्वी सिंहभूम:अनाबद्ध निधि, डीएमएफटी, नीति आयोग फंड, एमपी- एमएलए लैड, सीएसआर फण्ड से संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक; योजनाओं के घरालत पर प्रभावी क्रियान्वयन पर बल।

rktvnews

चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी उत्तर प्रदेश फिनटेक और बैंकिंग एजुकेशन में निभाएगी अहम रोल, इंडस्ट्री कोलैबोरेशन से स्टूडेंट्स को मिलेगा प्रैक्टिकल लर्निंग का फायदाः अम्बरीश कुमार श्रीवास्तव, सीनियर कंसल्टेंट, टीसीएस

rktvnews

Leave a Comment