
पटना/बिहार (राकेश मंगल सिन्हा)16 अक्तूबर। पटना के फतेहपुर स्थित एसआरपी कॉलेज के प्राचार्य अजय कुमार के निधन पर महाविद्यालय परिवार मे शोक की लहर दौड़ गई। शोक संतप्त महाविद्यालय परिवार की ओर से शोक सभा का आयोजन किया गया। एसआरपी कॉलेज के दिवंगत प्राचार्य अजय कुमार लीवर की बीमारी से पीड़ित थे। उनका इलाज दिल्ली मे हो रहा था। इलाज के क्रम मे ही 14 अक्टूबर की मध्य रात्रि 1 बजे उनका निधन हो गया। दिल्ली से उनका पार्थिव शरीर पटना लाया गया। गुलबी घाट पर उनका अंतिम संस्कार 16 अक्टूबर को किया गया। उनके बड़े पुत्र उत्कर्ष ने मुखाग्नि दी। दिवंगत अजय कुमार अपने पीछे अपनी पत्नी तथा दो लङकों को छोड़ गए हैं। उनके सबसे बड़े भाई आलोक कुमार वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा मे प्रोफेसर थे और उनकी भाभी विमला सक्सेना बीडी कॉलेज, पटना मे कार्यरत थीं। फिलहाल दोनों अवकाश प्राप्त कर चुके हैं। दिवंगत प्राचार्य अजय कुमार के निधन पर महाविद्यालय परिसर मे शोकसभा का आयोजन किया गया। शोकसभा मे महाविद्यालय परिवार के सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखा तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इस अवसर पर वक्ताओं ने दिवंगत अजय कुमार के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए महाविद्यालय के प्रति उनके जुड़ाव की चर्चा की। महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य लक्ष्मण कुमार ने कहा कि दिवंगत अजय जी वित्त रहित महाविद्यालय से जुड़े थे। सीमित आर्थिक संसाधनों एवं कठिन परिस्थितियों के बावजूद उनका महाविद्यालय के प्रति गहरा लगाव था। महाविद्यालय से उनका आत्मीय संबंध और शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उन्हें एक समर्पित शिक्षाविद के रूप मे विशिष्ट बनाती है। उनका असमय निधन महाविद्यालय परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। लक्ष्मण कुमार ने कहा कि वित्त रहित महाविद्यालय से जुड़े होने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति भी बहुत अच्छी नहीं थी जिसके कारण उनकी चिकित्सा भी सही ढंग से नहीं हो सकी और उनके इलाज पर भी उसका असर पड़ा। वक्ताओं ने शोक संतप्त परिवार को दुख की इस घड़ी मे धैर्य एवं हिम्मत देने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इस अवसर पर महाविद्यालय के संस्थापक अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद राय, पूर्व प्राचार्य नवनीत सिन्हा, पूर्व प्राचार्य बैद्यनाथ सिंह, प्रभारी प्राचार्य लक्ष्मण कुमार, डॉ रमाशंकर, पंकज कुमार, बबीता कुमारी, अर्चना सिन्हा, अजीत कुमार, सुधीर कुमार वर्मा, शशि कुमार, मोहित कुमार, दोलन कुमार, अमित कुमार, प्रेम कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
