RK TV News
खबरें
Breaking Newsअपराध

गिरिडीह में अवैध विदेशी शराब की बड़ी फैक्ट्री का उद्भेदन, करीब 7,200 लीटर तैयार शराब समेत भारी मात्रा में सामग्री जब्त।

बगोदर थाना क्षेत्र के हथियापाथर में करीब पांच घंटे तक चली छापेमारी में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई

अवैध शराब निर्माण में संलिप्त दो आरोपियों की पहचान, दोनों फरार; गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी

RKTV NEWS/गिरिडीह(झारखंड)16 अक्टूबर। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अधीक्षक उत्पाद, गिरिडीह के दिशा-निर्देश पर दिनांक 15.10.2026 को उत्पाद विभाग की टीम द्वारा बगोदर थाना क्षेत्र के सरिया रोड स्थित हथियापाथर इलाके में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया। करीब पांच घंटे तक चले इस अभियान के दौरान नंदू साव के घर में संचालित अवैध शराब निर्माण इकाई का उद्भेदन किया गया।

इस संबंध में अधीक्षक उत्पाद, गिरिडीह शिव कुमार साहू ने जानकारी दी कि छापेमारी के दौरान मौके से भारी मात्रा में तैयार अवैध विदेशी शराब, स्पिरिट तथा शराब निर्माण एवं पैकेजिंग में प्रयुक्त सामग्री बरामद कर जब्त की गई। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, बरामद तैयार अवैध विदेशी शराब की मात्रा करीब 7,200 लीटर है। इसके अतिरिक्त ड्रम में तैयार अवस्था में रखी करीब 100 लीटर रंगीन विदेशी शराब तथा करीब 350 लीटर अवैध स्पिरिट भी बरामद की गई।

छापेमारी के दौरान निम्नलिखित सामग्री जब्त की गई

1. विभिन्न ब्रांड की सीलबंद कांच एवं प्लास्टिक की बोतलों तथा टेट्रापैक में तैयार अवैध विदेशी शराब — करीब 800 कार्टन, अनुमानित मात्रा 7,200 लीटर।
2. ड्रम में तैयार अवस्था में रखी रंगीन विदेशी शराब — करीब 100 लीटर।

3. अवैध स्पिरिट — करीब 350 लीटर।

4. शराब की पैकेजिंग में प्रयुक्त खाली कांच एवं प्लास्टिक की बोतलें।

5. बोतलों के ढक्कन — करीब 8,000 पीस।

6. आसंजक/होलोग्राम — करीब 10,000 पीस।

7. लेबल — करीब 15,000 पीस।

8. कैरामेल — करीब 5 लीटर।

9. पंचिंग मशीन — 2 पीस।

दो आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी

अधीक्षक उत्पाद द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, अवैध शराब निर्माण में संलिप्त होने के मामले में बगोदर थाना क्षेत्र के हथियापाथर निवासी नंदू साव तथा हजारीबाग जिले के झुमरा निवासी धनेश्वर प्रसाद की पहचान की गई है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं। उनके विरुद्ध सुसंगत कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान करने तथा शराब निर्माण एवं आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई जारी

जिला प्रशासन द्वारा अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण एवं परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी एवं छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों के समन्वय से कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

इस कार्रवाई में अवर निरीक्षक उत्पाद, सदर अंचल, गिरिडीह, सुमितेश कुमार; अवर निरीक्षक उत्पाद, बगोदर अंचल महेश कुमार दास; अवर निरीक्षक रवि रंजन; सहायक अवर निरीक्षक, गिरिडीह लक्ष्मण कुमार महतो; बगोदर थाना के पुलिसकर्मी तथा गृहरक्षा वाहिनी के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Related posts

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने डोल जात्रा और डोला पूर्णिमा के अवसर पर पश्चिम बंगाल, ओडिशा और असम के लोगों को शुभकामनाएं दीं।

rktvnews

आरा शहरी क्षेत्र के 22 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी बीपीएससी 69 वी संयुक्त(प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा।

rktvnews

भोजपुर:उपविकास आयुक्त ने दी जिला के आवासीय छात्रावासों में रिक्तियों की जानकारी।

rktvnews

जिला न्यायालय इन्दौर में पैरालीगल वालेंटियर के लिए आवेदन आमंत्रित।

rktvnews

भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री सह बिहार प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं संग परिचर्चा की और सहभोज का लिया आनंद।

rktvnews

पन्नीवाली में महंगाई राहत कैंप, लोक गीतो से योजनाओ का किया प्रचार प्रसार, बना मुख्य आकर्षण।

rktvnews

Leave a Comment