संस्थागत प्रसव, एनीमिया मुक्त बिहार अभियान, संपूर्ण टीकाकरण एवं कायाकल्प अभियान की हुई समीक्षा।
RKTV NEWS/आरा(भोजपुर) 13 अक्टूबर।जिला पदाधिकारी, भोजपुर मनेश कुमार मीणा की अध्यक्षता में आज स्वास्थ्य विभाग की जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
संस्थागत प्रसव की समीक्षा के दौरान सभी प्रखंडों में इसकी उपलब्धि 50 प्रतिशत से कम पाए जाने पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों को संस्थागत प्रसव में सुधार लाने तथा प्रत्येक गर्भवती महिला का सुरक्षित संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, सभी निजी अस्पतालों को प्रसव संबंधी आंकड़े अनिवार्य रूप से अपलोड करने का निर्देश दिया गया।
एनीमिया मुक्त बिहार विशेष अभियान के तहत विशेष अभियान चलाकर एनीमिया से प्रभावित व्यक्तियों की पहचान एवं समुचित उपचार सुनिश्चित करने तथा सभी पात्र लाभार्थियों को संपूर्ण टीकाकरण से आच्छादित करने का निर्देश दिया गया।
वहीं, कायाकल्प अभियान के तहत जिले के सभी 312 स्वास्थ्य केंद्रों में अविलंब रंग-रोगन कराने तथा स्वास्थ्य केंद्रों की साफ-सफाई एवं व्यवस्था में सुधार लाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में सिविल सर्जन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) सहित स्वास्थ्य विभाग के संबंधित चिकित्सक एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।

