
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 4 सितम्बर। भोजपुर जिला के शाहपुर के गौतम नगर स्थित श्री त्रिदंडी देव राजकीय डिग्री महाविद्यालय बाढ़ के पानी से गिर गया है। जिससे पठन-पाठन प्रभावित हो गया है। बाढ़ की विषम परिस्थितियों के बीच विद्यार्थियों की पढ़ाई को निर्बाध बनाये रखने के लिए ऑनलाइन कक्षाओं के संचालन की व्यवस्था की गई है। करनामेपुर थाना से महाविद्यालय भवन तक बाढ़ का पानी आ जाने के कारण मार्ग अवरुद्ध होने से आवागमन प्रभावित हुआ है। विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं शैक्षणिक गतिविधियों की निरंतरता को ध्यान मे रखते हुए महाविद्यालय प्रशासन ने ऑफलाइन कक्षाओं के स्थान पर ऑनलाइन माध्यम से शिक्षण कार्य जारी रखने का निर्णय लिया है।महाविद्यालय के सभी शिक्षक नियमित रूप से ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन करेंगे तथा प्रतिदिन संचालित कक्षाओं की सूचना महाविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड करेंगे। इस व्यवस्था का उद्देश्य बाढ़ के कारण उत्पन्न परिस्थितियों के बावजूद विद्यार्थियों की पढ़ाई को निरंतर जारी रखना है। निर्धारित ऑनलाइन कक्षा का संचालन नहीं करने की स्थिति मे संबंधित शिक्षक की उपस्थिति दर्ज नही की जायेगी। महाविद्यालय के शिक्षकेतर कर्मचारियों की उपस्थिति दैनिक उपस्थिति पंजी के माध्यम से दर्ज की जायेगी। वहीं प्रशासनिक कार्यों को सुचारु रूप से जारी रखने के लिए बाढ़ की स्थिति सामान्य होने तक महाविद्यालय का कार्यालय अस्थायी रूप से करनामेपुर पेट्रोल पंप के समक्ष संचालित किया जायेगा। इससे महाविद्यालय से संबंधित आवश्यक प्रशासनिक कार्यों मे किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न नहीं होगा। महाविद्यालय प्रशासन ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस स्थिति मे विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही उनकी शिक्षा को भी किसी भी परिस्थिति मे बाधित नहीं होने दिया जायेगा। बाढ़ का पानी कम होने तथा आवागमन सुरक्षित एवं सुचारु होने के बाद पुनः महाविद्यालय परिसर में ऑफलाइन कक्षाओं का संचालन प्रारंभ किया जायेगा। महाविद्यालय प्रशासन ने छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे ऑनलाइन कक्षाओं मे नियमित रूप से भाग लें तथा वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए अनावश्यक आवागमन से बचें।
