
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)01 अगस्त।जगजीवन कॉलेज, आरा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं जिला निर्वाचन कार्यालय, भोजपुर के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को मतदाता साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. डॉ. आभा सिंह ने की, जबकि संचालन एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी जुली कुमारी ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में भोजपुर के अपर समाहर्ता (ADM) डॉ. शशि शेखर सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं बाबू जगजीवन राम की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने “मतदाता साक्षरता” विषय पर भाषण प्रस्तुत कर लोकतंत्र में मतदान के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
मुख्य अतिथि डॉ. शशि शेखर सिंह ने निर्वाचन प्रक्रिया, वोटर हेल्पलाइन ऐप तथा NOTA के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से 18 वर्ष की आयु पूरी होते ही अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए आवेदन प्रपत्रों का भी वितरण किया गया। प्राचार्या प्रो. डॉ. आभा सिंह ने कहा कि “एक शिक्षित मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र की नींव है। युवाओं को अपने मताधिकार का सही उपयोग करना चाहिए। वोट केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है।”
एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी जुली कुमारी ने पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को नैतिक एवं जागरूक मतदान का संदेश दिया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
