शत-प्रतिशत गणना प्रपत्र वितरण एवं डिजिटाइजेशन कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर किया गया सम्मानित।
RKTV NEWS/चतरा (झारखंड)15 जुलाई।मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR)-2026 के अंतर्गत शत-प्रतिशत Enumeration Form (गणना प्रपत्र) वितरण एवं उसके डिजिटाइजेशन कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) को उप निर्वाचन पदाधिकारी, चतरा द्वारा सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर 27-चतरा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केन्द्र संख्या-47 की बीएलओ तनुजा कुमारी, मतदान केन्द्र संख्या-252 की बीएलओ सरिता देवी तथा मतदान केन्द्र संख्या-318 की बीएलओ श्रीमती उर्मिला देवी को उनके उत्कृष्ट कार्य एवं दायित्वों के सफल निर्वहन के लिए शॉल एवं डायरी भेंट कर सम्मानित किया गया।
उप निर्वाचन पदाधिकारी ने सम्मानित बीएलओ के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की सफलता में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी बीएलओ से निर्वाचन संबंधी कार्यों का निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर निर्वाचन कार्यालय के कर्मी उपस्थित थे।

