
आरा/ भोजपुर ( डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)02 जुलाई।आज जिलाधिकारी, भोजपुर, तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में जूम मीटिंग के माध्यम से नगर निगम, नगर परिषद एवं नगर पंचायतों के अंतर्गत संचालित योजनाओं, जैसे एम.आर.एफ. (MRF) एवं कंपोस्ट पिट आदि की प्रगति तथा भूमि उपलब्धता की समीक्षा बैठक आयोजित की गई
बैठक के दौरान सभी नगर परिषद एवं नगर पंचायतों के कार्यपालक पदाधिकारियों से योजनाओं हेतु भूमि चयन की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। समीक्षा में बताया गया कि जिले के सभी नगर निकायों में एम.आर.एफ. एवं कंपोस्ट पिट के लिए भूमि उपलब्ध करा दी गई है। साथ ही, शाहपुर नगर परिषद एवं नगर निगम, आरा में निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है तथा नगर परिषद, जगदीशपुर में भी कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि उपलब्ध भूमि का प्रस्ताव अविलंब विभाग को भेजना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं का शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
बैठक में नगर आयुक्त, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी भूमि सुधार उपसमाहर्ता, अपर नगर आयुक्त, प्रभारी पदाधिकारी, जिला विकास शाखा, प्रभारी पदाधिकारी, जिला राजस्व शाखा, सभी नगर परिषद एवं नगर पंचायतों के कार्यपालक पदाधिकारी तथा अंचलाधिकारी, आरा, कोईलवर, गड़हनी, पीरो, जगदीशपुर, शाहपुर एवं बिहिया तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
