
RKTV NEWS/पटना(बिहार )23 जून। बिहार इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग सिटी गया लिमिटेड (BIMCGL) की 8वीं बोर्ड बैठक कुंदन कुमार, मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी एवं प्रबंध निदेशक, BIMCGL की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में गया में विकसित किए जा रहे समेकित विनिर्माण क्लस्टर (Integrated Manufacturing Cluster–IMC) की प्रगति, निवेश आकर्षण, भूमि आवंटन एवं आधारभूत संरचना विकास से संबंधित विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान परियोजना के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति का आकलन किया गया तथा परियोजना के समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कुंदन कुमार ने संबंधित विभागों एवं कार्यान्वयन एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने तथा विभिन्न गतिविधियों के समन्वित निष्पादन को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बिहार आज औद्योगिक विकास के एक नए युग में प्रवेश कर रहा है। राज्य सरकार द्वारा लागू निवेशक-अनुकूल नीतियों, औद्योगिक प्रोत्साहन उपायों तथा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में किए जा रहे सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप बिहार निवेशकों के लिए एक आकर्षक गंतव्य के रूप में उभर रहा है।
उन्होंने कहा कि IMC गया राज्य सरकार की एक महत्वाकांक्षी एवं प्राथमिकता वाली परियोजना है, जिसका उद्देश्य विश्वस्तरीय औद्योगिक अवसंरचना का विकास कर विनिर्माण क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहित करना तथा बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित करना है। यह परियोजना बिहार को राष्ट्रीय औद्योगिक परिदृश्य में एक सशक्त पहचान प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
बैठक में भूमि आवंटन से संबंधित प्रस्तावों, संभावित निवेश परियोजनाओं तथा क्लस्टर क्षेत्र में आवश्यक अतिरिक्त आधारभूत संरचना के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया और आवश्यक निर्णय लिए गए। इसके साथ ही नेशनल इंडस्ट्रियल कॉरिडोर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (NICDC) के निदेशकों एवं अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की। उन्होंने परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसके प्रभावी क्रियान्वयन एवं भावी विस्तार के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
IMC गया परियोजना के माध्यम से बिहार में औद्योगिक निवेश, विनिर्माण गतिविधियों तथा रोजगार सृजन को नई गति मिलने की अपेक्षा है, जिससे राज्य के समग्र आर्थिक विकास को और अधिक बल मिलेगा।
