
RKTV NEWS/चतरा (झारखंड)21 मई।जिले की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं विकास को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी रवि आनंद ने गुरुवार को सदर अस्पताल के समीप स्थित ऐतिहासिक फांसी तालाब का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थल की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, वर्तमान स्थिति एवं संरक्षण से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने बभने स्थित ब्रिटिशकालीन समाधि स्थल का भी भ्रमण कर वहां की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जिले के ऐतिहासिक महत्व के स्थलों का संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियां जिले के गौरवशाली इतिहास एवं सांस्कृतिक विरासत से अवगत हो सकें।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को फांसी तालाब एवं ब्रिटिशकालीन समाधि स्थल का समुचित सौंदर्यीकरण कराने, साफ-सफाई की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित करने का निर्देश दिया। साथ ही इन स्थलों की ऐतिहासिक पहचान को संरक्षित रखते हुए उन्हें आकर्षक एवं व्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने पर विशेष बल दिया।
मौके पर अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी चतरा जहूर आलम, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद विनीता कुमारी एवं नगर प्रबंधक, नगर परिषद, चतरा समेत अन्य संबंधित उपस्थित थे।
