RK TV News
खबरें
Breaking News

गढ़वा:ईंधन आपूर्ति व्यवस्था को लेकर प्रशासन सख्त, कालाबाजारी व जमाखोरी पर होगी कड़ी कार्रवाई।

तीनों अनुमंडलों में पेट्रोल पंप संचालकों के साथ हुई बैठक, पारदर्शी व्यवस्था एवं आम जनता की सुविधा पर विशेष जोर।

RKTV NEWS/गढ़वा(झारखंड)17 मई। शनिवार को वर्तमान समय में ईंधन आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु, पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से जिले के तीनों अनुमंडलों (सदर गढ़वा, श्री बंशीधर नगर एवं रंका) में संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों द्वारा पेट्रोल पंप संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठकों में ईंधन की उपलब्धता, कालाबाजारी रोकने, जमाखोरी पर नियंत्रण तथा आम नागरिकों को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने उपायुक्त अनन्य मित्तल के निर्देश पर आयोजित बैठक में कहा कि बिना उचित कारण किसी भी पेट्रोल पंप को बंद रखना स्वीकार्य नहीं होगा। यदि किसी कारणवश पेट्रोल पंप बंद रहता है, तो बड़े अक्षरों में उसका कारण प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा, जैसे- स्टॉक समाप्त होना, मशीन खराब होना अथवा अन्य तकनीकी कारण। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि पेट्रोल एवं डीजल की कालाबाजारी, अधिक मूल्य पर बिक्री तथा सप्लाई चेन को बाधित करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ लोग गैलन एवं कंटेनरों में पेट्रोल लेकर अधिक कीमत पर खुले बाजार में बेच रहे हैं। इस पर प्रशासन ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिया कि वे खुले डिब्बों, बोतलों अथवा बड़े कंटेनरों में पेट्रोल की बिक्री नहीं करें। हालांकि कृषि कार्यों की आवश्यकता को देखते हुए किसानों को नियंत्रित मात्रा में डीजल उपलब्ध कराने की बात कही गई।
श्री बंशीधर नगर अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर मिर्धा ने जानकारी दी कि बोकारो एवं खूंटी स्थित तेल डिपो से नियमित रूप से तेल की आपूर्ति हो रही है। उन्होंने सभी संचालकों को प्रतिदिन उपलब्ध ईंधन स्टॉक की मात्रा सूचना बोर्ड पर प्रदर्शित करने का निर्देश दिया, ताकि आम नागरिकों को सही एवं पारदर्शी जानकारी मिल सके। साथ ही प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को सड़क किनारे अवैध रूप से पेट्रोल-डीजल बेचने वालों के विरुद्ध विशेष छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
वहीं रंका अनुमंडल पदाधिकारी रूद्र प्रताप द्वारा आयोजित बैठक में ईंधन की जमाखोरी, मिलावट एवं निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री को गंभीर अपराध बताते हुए कहा गया कि ऐसी शिकायत मिलने पर संबंधित पेट्रोल पंप संचालकों के विरुद्ध ईसेंशियल कमोडिटीज एक्ट के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यक होने पर लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है।
तीनों अनुमंडल पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने पंपों पर सीसीटीवी कैमरे सुचारु रूप से संचालित रखें, दैनिक स्टॉक का नियमित संधारण करें तथा समय-समय पर तेल कंपनियों को मांग प्रेषित करते रहें। साथ ही पंप परिसरों में पेयजल, शौचालय एवं हवा भरने जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठकों में यह भी निर्णय लिया गया कि शादी-विवाह जैसे आवश्यक कार्यों हेतु निर्धारित प्रक्रिया के तहत मांग पत्र प्राप्त होने पर नियंत्रित मात्रा में डिब्बों में ईंधन उपलब्ध कराया जा सकेगा।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा घबराहट में अनावश्यक ईंधन खरीदारी अथवा जमाखोरी से बचें। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जिले में फिलहाल आवश्यकतानुसार पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है तथा प्रशासन लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है।
बैठक में जिला आपूर्ति विभाग के पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं विभिन्न पेट्रोल पंप संचालक उपस्थित रहे।

Related posts

बिहार:जन सुराज बिहार में विधानसभा चुनाव में 40 महिला नेत्रियों को देगी टिकट : प्रशांत किशोर

rktvnews

पटना: कथा में कौतूहल और रोमांच के साथ संदेश भी आवश्यक : डॉ अनिल सुलभ

rktvnews

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को कुवैत का सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया गया।

rktvnews

भारत-मध्यपूर्व-यूरोप आर्थिक कॉरिडोर, भारत और अन्य देशों के लिए एक रणनीतिक और आर्थिक परिवर्तनकारी पहल।

rktvnews

भोजपुर:राज्य सभा चुनाव मे सभी एनडीए प्रत्याशीयो की जीत पर बड़हरा विधायक ने कार्यकताओं संग मनाई खुशियां।

rktvnews

भोजपुर:माउंट लिट्रा जी स्कूल में टेबल टेनिस प्रतियोगिता आयोजित।

rktvnews

Leave a Comment