
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 03 सितम्बर। भोजपुर जिला के शाहपुर विधान सभा क्षेत्र के पूर्व विधायक राहुल तिवारी उर्फ मंटू तिवारी ने छेर नदी डायवर्सन हादसा को प्रशासनिक संवेदनहीनता करार दिया है। उन्होंने कहा कि इस घटना मे डूबे दोनों नवयुवक बेहद गरीब और असहाय परिवार से आते हैं जबकि एक युवक अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उन्होंने दोनों मृतकों के परिजनों से शाहपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या एक शोभी टोला जाकर उनके दुख दर्द को सुना तथा हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया। पूर्व विधायक राहुल तिवारी उर्फ मंटू तिवारी ने कहा कि पोस्टमार्टम के लिए शव ले जाने के लिए भी प्रशासन ने वाहन उपलब्ध नहीं कराया। मजबूर होकर परिवार ने अपने पैसे से गाड़ी की व्यवस्था की। जबकि दूसरे युवक के शव के तलाश के दौरान एसडीआरएफ की नाव मे तेल तक नहीं था। आखिरकार परिवार और स्थानीय लोगों ने खुद प्रयास करके शव की तलाशी की और उसे बाहर निकाला। पूर्व विधायक राहुल तिवारी उर्फ मंटू तिवारी ने आरोप लगाया कि इतनी बड़ी त्रासदी के बावजूद कोई जिम्मेदार अधिकारी मृतकों के परिवार से मिलने और उनकी मदद करने तक नहीं पहुँचा। इस घटना के विरोध मे पूर्व विधायक राहुल तिवारी उर्फ मंटू तिवारी ने सड़क पर बैठकर धरना दिया और प्रशासन से जवाब मांगा। इसके बाद जगदीशपुर के एसडीओ ओमप्रकाश लाल तथा एसडीपीओ राहुल कुमार मौके पर पहुँचे और पीङित परिवार से मिल कर पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने का आश्वासन दिया। पूर्व विधायक राहुल तिवारी उर्फ मंटू तिवारी ने कहा कि गरीब और असहाय परिवारों के साथ ऐसी संवेदनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त और स्वीकार नहीं की जा सकती है।
