श्रेष्ठ प्रदर्शन ही खेल प्रतिस्पर्धाओं का मूल और हार-जीत हासिल होता है : नूपुर ठाकुर, प्रधानाचार्या
RKTV NEWS/आरा(भोजपुर)02 सितंबर।स्थानीय बी एस डीएवी पब्लिक स्कूल के बच्चों ने ‘डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स-2026-27’ में शानदार प्रदर्शन करते हुए इस वर्ष भी ‘जोनल लेवेल गेम्स’ में अपना दबदबा कायम रखा।
बता दें कि विगत 30-31 सितंबर, 26 को गयाजी में आयोजित अलग-अलग प्रतियोगिताओं में खेलते हुए बी एस डीएवी के बालक-बालिकाओं ने दमदार प्रदर्शन किया। विद्यालय के बच्चों ने 14 वर्ष उम्र सीमा के अंतर्गत होनेवाले बास्केटबॉल, वेट लिफ्टिंग, रेसलिंग, जुडो तथा योगा जैसी प्रतिस्पर्धाओं में हिस्सा लिया।
विजेता व उपविजेता सभी खिलाड़ियों को प्रधानाचार्या नूपुर ठाकुर ने नेशनल में बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएँ दी और बच्चों के सहयोग के लिए उनके अभिभावकों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि बी एस डीएवी के खिलाड़ियों से न सिर्फ आरा को बल्कि पूरे बिहार को उम्मीदें हैं। खासकर नेशनल चैंपियंस योगा टीम के टक्कर में दूर-दूर तक कोई नहीं दिखता।
विगत वर्ष की नेशनल चैंपियन रही विद्यालय की योगा टीम ने इसबार भी जोनल लेवेल पर बालक-बालिकाओं दोनों वर्गों में गोल्ड जीता है और पुन:नेशनल के लिए बिहार का प्रतिनिधित्व करने का स्पष्ट संकेत दे दिया है। योगा के बालक वर्ग में ऋषभ राज, सत्यम , अमन , आशुतोष तथा आदित्य तो वहीं बालिका टीम में सौम्या, अँजलि, अनन्या, आकांक्षा तथा ऋषिका राज ने अपने प्रदर्शन से उपस्थित सबको सबको रोमाच से भर दिया।
इस बार गयाजी के डीएवी सी आर सी सी केंद्र पर आयोजित बास्केटबॉल बालिका टीम ने बेगुसराय की टीम से खेलते हुए फाइनल मुकाबले में सिलवर मेडल प्राप्त किया। तन्नू, अनन्या, शिप्रा,आद्या, माही, अन्वेषा, स्तुति, अराधना, सौम्या, तथा करुणा कुमारी की बास्केटबॉल टीम ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
गयाजी के खेल भवन में चल रहे वेट लिफ्टिंग के व्यक्तिगत प्रतिस्पर्धा के फाइनल में भी बीएस डीएवी के सौर्यान को एक मात्र सिलवर मिल पाया। दूसरी तरफ उसी केंद्र पर खेले गए जुडो के अपने-अपने मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन करते हुए पुण्य प्रताप, युवान तथा साक्षी ने जहाँ गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया तो श्रेया को ब्रोंज से संतुष्ट होना पड़ा। मन्नत कुमारी, अमन कुमार तथा अर्पित राज ने रेसलिंग के रोमांचक मुकाबले में जोर आजमाते हुए विद्यालय की झोली में क्रमश: सिलवर, ब्रोंज और ब्रोंज डाले।इस प्रकार डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स मिट में बी एस डीएवी के खिलाड़ियों ने जोनल लेवेल पर कुल 13 गोल्ड, 12 सिलवर और 03 ब्रोंज पाकर विद्यालय का परचम लहराया।
बच्चों के कोच व टीम मैनेजर पी साहू, कमलेश दूबे तथा किरण कुमारी ने बच्चों के बेहतर प्रदर्शन पर अपनी खुशी जाहिर की। योगा के विशेष प्रशिक्षक संजय श्रीवास्तव ने उम्मीद जताई है कि इसबार भी डीएवी नेशनल में बी एस डीएवी की योगा टीम ही गोल्ड की हकदार है।

