RK TV News
खबरें
Breaking News

भोजपुर:युवा संवाद कार्यक्रम में गूंजा KYP का मुद्दा, छात्र-छात्राओं ने प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह से पूछे सवाल।

RKTV NEWS/आरा(भोजपुर )01 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को आरा स्थित रेन इंटरनेशनल होटल में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भोजपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं, भाजपा एवं युवा मोर्चा के पदाधिकारियों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और युवाओं के भविष्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवाल रखे। इनमें सबसे प्रमुख और लगभग सभी छात्रों की एक समान मांग रही—“कुशल युवा कार्यक्रम (KYP) की कक्षाएं कब शुरू होंगी?”
छात्र-छात्राओं ने कहा कि पिछले लगभग दस वर्षों से कुशल युवा कार्यक्रम के माध्यम से मैट्रिक उत्तीर्ण एवं निर्धारित आयु सीमा के युवाओं को कंप्यूटर, संचार कौशल, अंग्रेजी एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलता रहा है। इस प्रशिक्षण के कारण मैट्रिक के बाद बड़ी संख्या में विद्यार्थी अपने समय का सदुपयोग करते हुए कौशल प्राप्त कर उच्च शिक्षा एवं रोजगार की दिशा में आगे बढ़ते थे।
छात्रों ने सवाल उठाया कि क्या KYP को पूर्व की तरह सुचारू रूप से फिर से संचालित किया जाएगा? यदि कार्यक्रम को बंद किया जाता है या इसकी पहुंच सीमित की जाती है, तो ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के उन हजारों युवाओं का क्या होगा, जो इस योजना के माध्यम से कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने भविष्य को बेहतर बनाने की उम्मीद रखते हैं?
युवाओं ने यह भी सवाल उठाया कि केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार होने के बावजूद बिहार के युवाओं को शिक्षा एवं कौशल विकास के क्षेत्र में व्यापक अवसर कब मिलेंगे। छात्रों का कहना था कि सरकार को KYP जैसे कार्यक्रमों को और मजबूत करते हुए प्रत्येक जिले में युवाओं के लिए आधुनिक प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने चाहिए।

भोजपुर में IT Park और Call Centre की भी मांग

युवा संवाद के दौरान छात्र-छात्राओं ने भोजपुर समेत बिहार के अन्य जिलों में IT Park, Call Centre तथा आधुनिक IT एवं रोजगार केंद्र स्थापित करने की मांग भी रखी। युवाओं ने कहा कि यदि KYP के साथ IT Park और रोजगार केंद्र विकसित किए जाएं तो स्थानीय युवाओं को अपने जिले में ही प्रशिक्षण, इंटर्नशिप और रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकते हैं तथा उन्हें रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन नहीं करना पड़ेगा।

सरकारी स्कूलों में KYP संचालन को लेकर भी सवाल

छात्र-छात्राओं ने KYP को केवल सरकारी स्कूलों अथवा कॉलेजों में संचालित किए जाने की संभावित व्यवस्था को लेकर भी चिंता व्यक्त की। युवाओं का कहना था कि सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ चुनाव, सरकारी कार्यक्रम एवं अन्य कारणों से अवकाश की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में यदि KYP का संचालन उन्हीं परिसरों में किया जाता है, तो प्रशिक्षण की नियमितता और गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है।
छात्रों ने मांग की KYP के लिए पहले से चल रहे बिहार के सभी कुशल युवा कार्यक्रम प्रशिक्षण केंद्रों एवं प्रशिक्षित मानव संसाधन की पुनः शुरू किया जाए ताकि विद्यार्थियों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण मिल सके।
युवाओं ने प्रदेश अध्यक्ष से यह भी जानना चाहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार युवाओं के लिए आने वाले समय में कौशल विकास, रोजगार, IT क्षेत्र, खेल एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में किस प्रकार की योजनाएं और सुविधाएं उपलब्ध कराने जा रही है।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने युवाओं के सवालों को गंभीरता से सुना और उनके मुद्दों पर आवश्यक पहल एवं उचित स्तर पर संवाद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि युवाओं की आकांक्षाओं और उनके भविष्य से जुड़े विषयों को प्राथमिकता के साथ देखा जाना चाहिए।
इस अवसर पर भाजपा एवं युवा मोर्चा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में युवाओं ने स्पष्ट संदेश दिया कि बिहार के युवा केवल आश्वासन नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण और स्थानीय स्तर पर रोजगार के ठोस अवसर चाहते हैं। KYP को लेकर छात्रों में विशेष उत्सुकता रही और सभी ने सरकार से जल्द से जल्द स्थिति स्पष्ट करते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम को सुचारू रूप से शुरू करने की मांग की।

Related posts

भोजपुर : ट्रेन से कटी अनेकों भेङ! भेङ पालक दुखी।

rktvnews

झारखंड:मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन दुमका के जामा स्थित पांजनपहाड़ी में आयोजित झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के संताल परगना प्रमंडल स्तरीय कार्यक्रम में हुए सम्मिलित।

rktvnews

भोजपुर: शिक्षक सह प्रतिभा सम्मान समारोह का किया गया आयोजन।

rktvnews

कवि पं रामचंद्र भारद्वाज की जयंती पर साहित्य सम्मेलन में आयोजित हुआ कवि-सम्मेलन।

rktvnews

प्रेरणादायक सफलता की कहानी: रूही प्रवीन

rktvnews

बक्सर:बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के लोकसभा चुनाव की तैयारियों को ले विडियो कांफ्रेंसिंग की बैठक में डीएम और एसपी हुए शामिल।

rktvnews

Leave a Comment