
सीहोर/मध्यप्रदेश (मनोज कुमार प्रसाद)20 जुलाई। सीहोर जिले के मंडी थाना क्षेत्र स्थित कुबेरश्वर धाम प्रांगण में दर्शन के दौरान महिलाओं के गले से सोने के आभूषण चोरी होने की दो घटनाएं सामने आई हैं।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को देवास निवासी भावना पांचाल (44 वर्ष) का लगभग 1.50 लाख रुपये मूल्य का मंगलसूत्र दर्शन के दौरान चोरी हो गया। वहीं, 18 जुलाई को बोकारो निवासी उषा देवी के गले से करीब 2 लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन चोरी होने की घटना भी सामने आई।
दोनों मामलों की लिखित शिकायत सीहोर जिले के मंडी थाना में दी गई है। साथ ही, घटनाओं की जानकारी कुबेरश्वर धाम के पदाधिकारियों को भी दे दी गई है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, चोरी की घटनाएं कुबेरश्वर धाम में दर्शन के दौरान, विशेष रूप से शिवशिला के दर्शन करते समय हुईं। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल है। पुलिस शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
