
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)04 जून।आज जिला पदाधिकारी, भोजपुर, तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में जिला निरीक्षण समिति के सदस्यों द्वारा रमना मैदान के समीप स्थित रेड क्रॉस भवन में संचालित विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान, भोजपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संस्थान में रह रहे बच्चों के आवासन, भोजन, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई तथा उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने भीषण गर्मी एवं लू को देखते हुए बच्चों की समुचित देखभाल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने गर्मी से बचाव हेतु पर्याप्त व्यवस्थाएं करने, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता बनाए रखने, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने तथा नियमित टीकाकरण सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। साथ ही, सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से संबंधित निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
जिला पदाधिकारी ने संस्थान से दत्तक ग्रहण (एडॉप्शन) के माध्यम से दिए गए सभी बच्चों का नियमित फॉलो-अप सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया, ताकि उनके समुचित पालन-पोषण, विकास एवं कल्याण की सतत निगरानी की जा सके।
इस अवसर पर सिविल सर्जन, भोजपुर, सहायक निदेशक, बाल संरक्षण इकाई, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा), बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं अन्य सदस्य सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
