
RKTV NEWS/चतरा ( झारखंड)01 जून।समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में सांसद चतरा सह अध्यक्ष जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) कालीचरण सिंह की अध्यक्षता में दिशा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 24 दिसंबर 2025 को आयोजित दिशा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विभागवार समीक्षा की गई तथा विभिन्न विकास योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के प्रारंभ में सांसद, क्षेत्रीय विधायकों, जिला परिषद अध्यक्षा एवं नगर परिषद अध्यक्ष का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। इसके उपरांत विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत अनुपालन प्रतिवेदन की बिंदुवार समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, सांसद आदर्श ग्राम योजना, ग्रामीण कार्य विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY), जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT), पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, विद्युत विभाग, भूमि संरक्षण, शिक्षा विभाग, आपूर्ति विभाग, स्वास्थ्य विभाग, खनन विभाग, जिला परिषद, सहकारिता विभाग, NTPC, CCL एवं इरकॉन इंटरनेशनल लिमिटेड से संबंधित मामलों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
बैठक में सड़क, पुल-पुलिया एवं अन्य आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। इटखोरी क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल के संबंध में विभागीय अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि शेष प्रक्रियाएं पूर्ण करते हुए कार्य को शीघ्र गति प्रदान की जाएगी। इस पर माननीय सांसद ने आमजन की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्माणाधीन परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि कुछ योजनाएं वन विभाग से अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC) सहित अन्य तकनीकी एवं प्रशासनिक स्वीकृतियों के कारण लंबित हैं। इस पर संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करने तथा योजनाओं के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
पेयजल एवं स्वच्छता से संबंधित योजनाओं की समीक्षा के क्रम में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्धता, जलमीनार, पाइपलाइन विस्तार तथा जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। विद्युत विभाग से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने, लंबित कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करने तथा जनसुविधा से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान पर बल दिया गया।
बैठक में शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं आपूर्ति विभाग से जुड़े विभिन्न मामलों की भी समीक्षा की गई। विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता, भवन निर्माण, स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था, सार्वजनिक वितरण प्रणाली की सुचारू संचालन व्यवस्था तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों को अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित समस्याओं एवं सुझावों को रखने का अवसर दिया गया। इस क्रम में रेड क्रॉस भवन निर्माण, स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सीय सुविधाओं की उपलब्धता, एंबुलेंस व्यवस्था, पेयजलापूर्ति, सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण, ग्रामीण आधारभूत संरचना के विकास सहित विभिन्न जनहित के मुद्दे उठाए गए। संबंधित विभागों को प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं के निराकरण हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
सांसद ने कहा कि विकास योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करते हुए जनप्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर कार्य करें तथा जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करें।
बैठक में उपायुक्त रवि आनंद, विधायक चतरा जनार्दन पासवान, विधायक सिमरिया उज्ज्वल कुमार दास, विधायक बड़कागांव रौशन लाल चौधरी, सांसद हजारीबाग प्रतिनिधि रविन्द्र सिंह, वन प्रमंडल पदाधिकारी (उत्तरी) राहुल मीणा, वन प्रमंडल पदाधिकारी (दक्षिणी) मुकेश कुमार, जिला परिषद अध्यक्षा ममता कुमारी, नगर परिषद अध्यक्ष अताउर रहमान, उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी चतरा जहूर आलम, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन, जिला खनन पदाधिकारी मनोज टोप्पो, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शकील अहमद, सभी प्रखंड प्रमुख, विभागीय पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मी उपस्थित थे।
