RK TV News
खबरें
Breaking News

खैरागढ़:इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में विकास के एक साल : कुलपति डॉ. लवली शर्मा ने साझा कीं उपलब्धियां।

शैक्षणिक सुधार और नवाचार से बदली खैरागढ़ विश्वविद्यालय की सूरत।

खैरागढ़/छग (रवींद्र पांडेय) 14 अप्रैल। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. डॉ. लवली शर्मा के कार्यकाल का एक वर्ष पूर्ण होने पर उन्होंने प्रेस वार्ता के माध्यम से अपनी उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने पिछले एक वर्ष में विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए किए गए महत्वपूर्ण शैक्षणिक और रचनात्मक सुधारों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस पद पर नियुक्त होने के बाद सबसे पहले विश्वविद्यालय को आधुनिक, प्रगतिशील और पर्यावरण-सचेत बनाने तथा विश्वविद्यालय को ए ग्रेड लाने का संकल्प लिया। विश्वविद्यालय के परिसर-01 के कचरों को एकत्रित कर कम्पोस्ट खाद बनाने का कार्य करवाया और उसके लिये टंकी निर्माण कराया। जल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य करते हुए वाॅटर हार्वेस्टिंग स्थापित कराया। विश्वविद्यालय के विभिन्न कक्षाओं की वस्तुस्थिति से अवगत हुईं और आवश्यकतानुसार वहां मरम्मत कार्य एवं नवीन निर्माण का कार्य करवाया। मई महीने में निःशुल्क 10 दिवसीय ग्रीष्मकालीन कलात्मक शिविर का आयोजन किया गया, जहां नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों ने विभिन्न कलाओं का ज्ञान प्राप्त किया।
इसके साथ ही कला के विस्तार हेतु विभिन्न संस्थानों के साथ एम.ओ.यू. किये, जिसके माध्यम से संस्थाओं के मध्य शिक्षा का आदान-प्रदान किया जा रहा है। पीएच.डी. परीक्षा में सुधार लाते हुए पारदर्शी तरीके से परीक्षा आयोजित की गई, जिसका परिणाम भी उसी दिन शाम 7 बजे तक घोषित किया गया। अगले दिन परीक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थियों का साक्षात्कार भी पूरा किया गया। खैरागढ़ की विरासत को संजोये रखने के लिये सर्वप्रथम कैम्पस-01 स्थित भगवान राधा-कृष्ण की ऐतिहासिक मंदिर, जो वर्षों से बंद था उसे आम नागरिकों के लिये खुलवाया गया। इसके पश्चात दानशील राजा-रानी के महल का प्रथम तल, जो वर्षों से बंद था उसे भी खुलवाकर साफ-सफाई की गई और इसका उपयोग कक्षा संचालन सहित विभिन्न कार्यों के लिये किया जा रहा है।
कुलपति डॉ. शर्मा ने बताया कि परीक्षा परिणाम में तेजी लाने हेतु बाहर से विशेषज्ञ बुलाकर शीघ्रता से काॅपियों की जांच कराई गई और पूर्व वर्षों की तुलना में इस वर्ष परीक्षा परिणाम शीघ्र जारी किये गये, जिससे विद्यार्थियों में खुशी देखने को मिली। विश्वविद्यालय में हो रहे नवाचार के तहत स्नातकोत्तर पढ़ाई पूरी कर चुके 4 विद्यार्थियों का चयन ललित कला अकादमी नई दिल्ली की छात्रवृत्ति के लिये हुआ है। विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 पर केन्द्रीत त्रिस्तरीय कार्यशाला का अयोजन किया गया, जिससे बच्चे एन.ई.पी. के प्रमुख उद्देश्य को समझ सकें और उसके अनुरूप अपना विषय चयन कर सकें। पाक्षिक कार्यक्रम श्रुति मंडल का आयोजन प्रत्येक माह किया जा रहा है, जहां राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय कलाकारों के साथ ही विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को भी मंच प्रदान किया जा रहा है।
इसके साथ ही विश्वविद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने हेतु विभिन्न विषयों (तबला वादन, सितार वादन, लोक संगीत, कथक, ओडिसी, भरतनाट्यम नृत्य एवं संगीत) के विशेषज्ञ बुलाकर बच्चों को संबंधित विषय का बारीकी से अध्ययन कराया जा रहा है, जिससे उन्हें बेहतर शिक्षा मिल सके। लोक संगीत एवं कला के संरक्षण हेतु लोक संगीत एवं कला संकाय में प्रत्येक माह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जहां भारतीय संस्कृति एवं लोक कलाओं के संरक्षण में समर्पित महान विभूतियों के जीवनवृत्त से बच्चों को अवगत कराया जा रहा है। दो दिवसीय जनजातीय गौरव राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से विद्यार्थी जनजातीय समुदाय के संघर्ष व योगदान से अवगत हुये।
कुलपति डॉ. शर्मा ने बताया कि कुलाधिपति एवं राज्यपाल ने विश्वविद्यालय को असम के भारतीय लेखक रघुनाथ चैधरी की कांस्य प्रतिमा बनाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी थी, जिसे हमने समय पर पूरा किया। विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को नशापान से दूर रखने तथा बेहतर मानसिक स्वस्थ के लिये नशा मुक्ति एवं मानसिक स्वास्थ्य विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। महान हिन्दुस्तानी शास्त्रीय संगीतज्ञ प. विष्णु नारायण भातखंडे एवं पं. विष्णु दिगम्बर पलुस्कर की स्मृति में समारोह का आयोजन किया गया, जहां संगीत संकाय के विद्यार्थियों कोे प्रतिभा कौशल दिखाने का अवसर मिला। विश्वविद्यालय के ग्रंथालय में पुस्तकों का विशाल भंडार है, जिसका लाभ आम नागरिक ले सकें इस उद्देश्य से तीन दिवसीय पुस्तक मेला का आयोजन रखा गया, जहां विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों से आमजन इससे लाभान्वित हुए। विश्वविद्यालय द्वारा अपनाए गए 4 गोद ग्राम के लोगों को संगीत एवं कला के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिये विभिन्न कार्यशालाओं एवं कार्यक्रमों का अयोजन समय-समय पर किया जा रहा है और उन्हें प्रेरित किया जा रहा है। संगीत एवं कला का विस्तार गांव-गांव में हो सके इस उद्देश्य से स्कूल शिक्षा मंत्री से मुलाकात कर प्रदेश के सभी स्कूलों में संगीत शिक्षक रखे जाने की मांग की, जिससे युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।
उन्होंने बताया कि विगत तीन वर्षों से बंद खैरागढ़ महोत्सव की पुनः शुरुआत की गई, जहां राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों के साथ ही स्थानीय कलाकारों को भी मंच प्रदान किया गया। इसके साथ ही विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को भी इस बार प्रस्तुति का अवसर प्रदान किया गया। अन्य वर्षों की अपेक्षा इस वर्ष महोत्सव का लाभ लेने हजारों की संख्या में दर्शकों की भीड़ लगी रही। एन.एस.एस. शिविर के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को संगीत एवं कला के महत्व को बताते हुए इसकी शिक्षा अर्जित करने हेतु प्रेरित किया जा रहा है। 39वें सेंट्रल जोन युवा उत्सव में प्रतिभागिता कर विश्वविद्यालय के बच्चों ने जीत का परचम लहराया और ओवरआल तृतीय स्थान हासिल कर विश्वविद्यालय का मान बढ़ाया। नवाचार के तहत पहली बार विश्वविद्यालय का वर्ष 2025-26 का कैलेंडर प्रकाशित किया गया। कैलेंडर के माध्यम से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों एवं यहां आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जा रही है। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में नवाचार करते हुए विश्वविद्यालय परिसर में हरी सब्जियां लगाई गई हैं, जिसका उपयोग विश्वविद्यालय में किया जा रहा है। योग के प्रति जागरूकता लाने विश्वविद्यालय में योग संध्या का आयोजन किया गया जिसका लाभ शिक्षकों, अधिकारियों व कर्मचारियों सहित विद्यार्थियों को मिला। डाॅ. भीमराव आंबेडकर की जीवन पर आधारित चित्रकला प्रतियोगता का आयोजन किया गया, जिससे विद्यार्थियों की रचनात्मकता एवं बौद्धिक क्षमता विकसित हो सके।
इसके साथ ही बीते चार साल से अवरूद्ध 17वें दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 05 शोधार्थियों को डी.लिट्, 236 विद्यार्थियों को स्वर्ण एवं रजत पदक तथा 64 विद्यार्थियों को शोध उपाधि प्रदान की गई। विश्वविद्यालय में भारतीय भाषा परिवार का राष्ट्रीय एकता में अवदान विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसका लाभ विश्वविद्यालय के शिक्षकों सहित विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों द्वारा लिया गया। विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय नाट्य महोत्सव का आयोजन किया गया। तीनों दिन नाट्य विभाग के विद्यार्थियों द्वारा शिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रेरणास्पद नाटकों की प्रस्तुति दी गई। पुरालिपि एवं पुरालेख विषय पर सात दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस आयोजन से विद्यार्थियों को भारतीय इतिहास सहित प्राचीन पुरालिपियों तथा पुरालेखों को जानने का अवसर प्राप्त हुआ। विश्वविद्यालय में पहली बार महाशिवरात्रि पर्व पर कथक विभाग के विद्यार्थियों ने 12 घंटे का अखंड घुंघरू नाद कार्यक्रम संपन्न किया। विश्वविद्यालय में विगत कुछ वर्षों में विदेशी छात्रों की संख्या घटती जा रही थी। अब विदेशी छात्रों की संख्या बढ़ते क्रम में है। वर्तमान में 32 विदेशी विद्यार्थी यहां अध्ययनरत हैं।
डॉ. शर्मा ने बताया कि कथक एवं लोक संगीत विभाग के विद्यार्थियों ने लोकभवन रायपुर में बिहू नृत्य की प्रस्तुति दी, जिसे कुलाधिपति सहित दर्शकों द्वारा खूब सराहना मिली। चेन्नई में आयोजित 39वें राष्ट्रीय अंतर विश्वविद्यालय युवा उत्सव में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने बेहतर प्रदर्शन कर अपना परचम लहराया। विश्व रंगमंच दिवस के अवसर पर नाट्य विभाग के विद्यार्थियों ने दो दिवसीय नाट्य महोत्सव का आयोजन किया। प्रेरणादायी नाट्यों की प्रस्तुति दी।
उन्होंने बताया कि 55 सीटर एसी बस एवं एम्बुलेंस की स्वीकृति शासन से मिली है। विश्वविद्यालय में शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक पदों पर भर्ती की स्वीकृति भी शासन से मिल गई है जिस पर कार्यवाही जारी है। बिना किसी शुल्क के कैंटीन संचालन हेतु जगह दी गई है, जिससे बच्चों को कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल सके।

Related posts

समावेशी विकास के लिए महिला उद्यमियों का सशक्तिकरण महत्वपूर्ण है: सुरजीत भुजबल

rktvnews

बागपत:ग्राम पंचायतें बनी पर्यावरण की साथी — बागपत का बर्तन बैंक मॉडल पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा।

rktvnews

देवघर:उपायुक्त के निर्देशानुसार जनता दरबार का किया गया आयोजन।

rktvnews

भोजपुर : इंस्पेक्टर रजनीकांत ने शाहपुर थानाध्यक्ष का पदभार किया ग्रहण।

rktvnews

राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार प्रदान किए।

rktvnews

मध्यप्रदेश:राज्यपाल पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रम में हुए शामिल!शहीद पुलिस जवानों को दी श्रद्धांजलि, परिजनों से की मुलाकात।

rktvnews

Leave a Comment