RK TV News
खबरें
Breaking News

खैरागढ़:राज्यपाल रमेन डेका की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ खैरागढ़ महोत्सव, अंतिम दिन उमड़ा जनसैलाब।

राज्यपाल के गोद ग्राम सोनपुरी के थीम सॉन्ग का हुआ विमोचन।

खैरागढ़/छत्तीसगढ़ (रवींद्र पांडेय) 22 नवंबर। बहुप्रतीक्षित खैरागढ़ महोत्सव 2025 के समापन समारोह में राज्यपाल एवं कुलाधिपति रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके आगमन के साथ ही पूरा समारोह गरिमा, उत्साह और सांस्कृतिक आत्मीयता से भर गया। सर्वप्रथम राष्ट्रगान एवं राज्यगीत की प्रस्तुति के बाद मां सरस्वती की प्रतिमा एवं राजकुमारी इंदिरा के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन किया गया। इसके बाद विश्वविद्यालय के कुलगीत की प्रस्तुति हुई। फिर राज्यपाल के गोद ग्राम सोनपुरी के थीम सॉन्ग का विमोचन किया गया।

कला केवल मनोरंजन नहीं है, वह मनुष्य को संवेदनशील बनाती है : राज्यपाल

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि भारतीय संस्कृति जितनी प्राचीन है उतनी ही हमारी कला परंपरा है। कला केवल मनोरंजन नहीं है, बल्कि वह मनुष्य को संवेदनशील बनाती है। कला वह शक्ति है जो मनुष्य में विचार, संवेदना, करुणा और ममता जागृत करती है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति रामायण काल से भी प्राचीन है। बस्तर का दशहरा विश्व में सर्वाधिक दिनों तक चलने वाला दशहरा है। यहां रामायणी साहित्य का प्रदर्शन अतुलनीय है। खैरागढ़ का नाम पूरे देश में कला तीर्थ के रूप में जाना जाता है। यह स्थान देश के महान साहित्यकार डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी की जन्मभूमि होने के साथ ही उनकी प्रारंभिक शिक्षा का केंद्र भी रहा है। राज्यपाल ने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में कला के प्रति प्रेम और संरक्षण की प्रेरणा जगाते हैं तथा कलाकारों को अपने हुनर के प्रदर्शन हेतु मंच भी प्रदान करते हैं। कार्यक्रम से पहले राज्यपाल ने अतिथियों के साथ विश्वविद्यालय की आर्ट गैलरी का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए स्टॉल का भी निरीक्षण किया और बच्चों को प्रोत्साहित किया।

ज्ञानवर्धन के साथ विश्वविद्यालय के विकास को लेकर प्रतिबद्ध : कुलपति प्रो. डॉ. लवली शर्मा

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं कुलपति प्रो. डॉ. लवली शर्मा ने कहा कि इस आयोजन से हमारे विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों का ज्ञानवर्धन हुआ है। इस मंच पर विभिन्न शास्त्रीय, लोकसंगीत और साहित्यिक प्रस्तुतियां हुई हैं, जो हमारे विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रम का हिस्सा हैं। खैरागढ़ नगर एवं ग्रामीण अंचल के लोगों में ललित कलाओं के प्रति अभिरुचियां हैं। हम सतत् प्रयासरत हैं कि हमारे विश्वविद्यालय के रिक्त पदों पर नियुक्तियां हों और अतिरिक्त पदों का सृजन हो। उन्होंने विश्वविद्यालय के बेहतर संचालन हेतु शीघ्र ही रिक्त पदों पर भर्ती की अनुमति प्रदान करने के साथ ही इस विश्वविद्यालय को केंद्रीय पटल पर ले जाने हेतु सहयोग प्रदान करने की बात कही।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने दिया कलाकारों को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने पर जोर

अति विशिष्ट अतिथि रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय ऐसा विश्वविद्यालय है जिसका पूरे विश्व में नाम है। संगीत केवल मनोरंजन का साधन नहीं है। मनुष्य के मन, बुद्धि, शरीर व आत्मा को केवल संगीत से संतुष्टि मिल सकती है। उन्होंने कहा कि कलाकारों के ड्रेसअप व स्टेप्स को बेहतर बनाएं तो देश में ही नहीं बल्कि विश्व में कलाकार अपना नाम रौशन कर सकते हैं।

सात सुरों का संगम है यह विश्वविद्यालय : विधायक यशोदा वर्मा ने महल दान करने वाली विभूतियों को किया नमन

विशिष्ट अतिथि विधायक यशोदा वर्मा ने कहा कि आज के दिन उन महान विभूतियों को याद करते हैं जिन्होंने विश्वविद्यालय के लिए अपना महल दान कर दिया। यह केवल कला ही नहीं बल्कि सात सुरों का संगम भी है। इस संगम में केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं बल्कि देश-विदेश के कलाकार भी समाहित हैं। उन्होंने स्थानीय बच्चों को भी आगे बढ़ने का मौका देने की बात कही।

विश्वविद्यालय के नृत्य संकाय की प्रस्तुति से मंत्रमुग्ध हुए दर्शक

समापन कार्यक्रम का शुभारंभ कल सायं 5 बजे हुआ, जहां नृत्य संकाय के विद्यार्थियों ने कथक, भरतनाट्यम व ओडिसी नृत्य की सधी हुई प्रस्तुतियां दीं, जिसने दर्शक दीर्घा को मंत्रमुग्ध कर दिया। कथक नृत्य अंतर्गत तराना की प्रस्तुति, भरतनाट्यम में शिवोहम व राग हिंडोलम तथा ओडिसी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति के खूब तालियां बटोरीं।

उस्ताद सिराज अली के सरोद वादन ने बांधा समां

कार्यक्रम का अगला चरण संगीत प्रेमियों के लिए किसी सौगात से कम नहीं था। कोलकाता से आए मशहूर सरोद वादक उस्ताद सिराज अली खान के सरोद की सुरीली तरंगों पर तबले की लयकारी के संगम ने दर्शकों को एक अलग ही आध्यात्मिक अनुभूति दिलाई। सरोद वादन की समाप्ति के बाद देर तक तालियां बजती रहीं। दर्शकों की प्रसन्नता देख उस्ताद दोबारा प्रस्तुति देने हेतु अपने आप को रोक नहीं पाए।

पंडित संजू सहाय के तबला वादन में बनारस घराने की रही गूंज

सरोद वादन के बाद पंडित संजू सहाय के द्वारा तबला वादन की प्रस्तुति दी गई, जहां बनारस घराने की गूंज से पूरा पंडाल संगीतमय हो गया। उठान के बाद बनारसी ठेका व झाले की शानदार प्रस्तुति के लिए शुरुआत से लेकर अंत तक तालियां बजती रहीं। पंडित जी के शानदार तबला वादन से प्रसन्न होकर कुलपति ने पंडित संजू सहाय को उपलब्धता होने पर प्रति वर्ष एक बार अवश्य आने की बात कही।

आकर्षण का केंद्र रहा विदुषी शमा भाटे का कथक नृत्य

पुणे की प्रख्यात कथक नृत्यांगना विदुषी शमा भाटे एवं उनके समूह की प्रस्तुति समापन समारोह में विशेष आकर्षण का केंद्र रही। रामायण के विभिन्न प्रसंगों यथा सीता स्वयंवर, केवट प्रसंग, सीता हरण, अशोक वाटिका, लंका दहन व युद्ध पर कथक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। उनकी प्रस्तुति को दर्शकों ने अनेक बार तालियों से सम्मान दिया।

लोकसंगीत की धारा से महोत्सव में घुली छत्तीसगढ़ी महक

समारोह के अंतिम चरण में राजनांदगांव की लोकगायिका श्रीमती कविता वासनिक एवं उनके दल ने लोकसंगीत अनुराग धारा की प्रस्तुति दी। छत्तीसगढ़ी लोकगीतों की मधुरता, ढोलक-मांदर की ताल और ग्रामीण संस्कृति की झलक ने समूचे पंडाल को लोकधुनों के उत्सवी रंग में रंग दिया। उन्होंने छत्तीसगढ़ी गीत पता लेजा रे, तोला देखे रहो गा, आबे की नहीं बता दे मोला जैसे सुमधुर गीतों की प्रस्तुति दी। अंत में दर्शक इतने उत्साहित हुए कि कार्यक्रम को और आगे बढ़ाना पड़ा। छत्तीसगढ़ी गीतों पर कलाकारों के साथ ही दर्शक भी थिरकने लगे। कार्यक्रम में लोकमाटी की खुशबू, भावनाओं की गर्माहट और अपनत्व का अनोखा संगम देखने मिला।

Related posts

पश्चिमी चंपारण:आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के दो मामलों में प्राथमिकी दर्ज।

rktvnews

चतरा:केंद्रीय मनश्चिकित्सा संस्थान, कांके, रांची (CIP) से आए तीन सदस्यीय विशेषज्ञों की टीम ने उपायुक्त से किया मुलाकात।

rktvnews

जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए आयोजित फुल ड्रेस रिहर्सल में डीसी ने फहराया तिरंगा!15 अगस्त को सहकारिता एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ बनवारी लाल करेंगे ध्वजारोहण।

rktvnews

भोजपुर: बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ के उपाध्यक्ष रहे स्व नायक घनश्याम सिंह की पहली बरसी पर अर्पित की गई श्रद्धांजलि।

rktvnews

प्रमुख रक्षा अध्यक्ष ने एनसीसी गणतंत्र दिवस शिविर 2026 में भाग ले रहें युवा कैडेट को प्रेरित किया।

rktvnews

गढ़वा पहुंचे प्रेक्षकों ने की निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा।

rktvnews

Leave a Comment