RK TV News
खबरें
Breaking Newsखेल

बागपत:खेलों का महाकुंभ बना युवा शक्ति का उत्सव, सांसद खेल महोत्सव 2025

बच्चों, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगों तक सभी के लिए फिटनेस की दिनचर्या का संदेश।

वरिष्ठ नागरिकों से लेकर दिव्यांगों तक—हर किसी ने साबित किया ‘खेल सबके लिए’।

युवा जोश और खेल प्रतिभा का संगम—बागपत में खेल महोत्सव ने रचा नया इतिहास।

बागपत ने फिर साबित किया—यह खिलाड़ियों का जनपद है, महोत्सव रहा भरपूर उत्साह से रोशन।

RKTV NEWS/बागपत(उत्तर प्रदेश)22 नवंबर। तीन दिनों से धूल उड़ते मैदान, जोरदार तालियाँ, खेल प्रशंसकों की भीड़ और जीत हार से ऊपर उठी खेल भावना का शुक्रवार को सुंदर और यादगार समापन हुआ। बागपत को खेलों के राष्ट्रीय मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में यह खेल महोत्सव महत्वपूर्ण साबित हुआ। बच्चों, युवाओं से लेकर महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगों तक कई हजार लोगों ने खेलों के इस महाकुंभ में हिस्सा लेकर फिट इंडिया की प्रतिबद्धता दोहराई।
बड़ौत के जनता वैदिक डिग्री कॉलेज में बागपत संसदीय क्षेत्र के सांसद खेल महोत्सव 2025 का भव्य आयोजन 19 से 21 नवंबर तक हुआ जिसमें जनपद के गांव गांव से निकलकर आगे आए कई हजार युवा खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया और खूब पुरस्कार जीते।
जनता वैदिक कॉलेज का मैदान तीनों दिन एक नए उत्साह से भरा नजर आया। कई अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड प्राप्त खिलाड़ियों एवं यूथ आइकॉन की उपस्थिति ने खेल महोत्सव में नया उत्साह जोड़ दिया। जब इन खिलाड़ियों ने ग्रामीण क्षेत्रों से आए बच्चों की पीठ थपथपाई, तो उन बच्चों की आँखों में एक चमक दिखी जैसे उनके सपने उनसे कह रहे हों कि अगला नंबर तुम्हारा है।
महोत्सव के तीसरे दिन मैदान पर हर भावना दिखी। विजेताओं की मुस्कान उनके लंबे समय से किए गए कठिन परिश्रम की गवाही दे रही थी। उपविजेताओं की आँखों में अगली बार और बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प स्पष्ट दिखाई दे रहा था। यह सिर्फ जीत या हार नहीं बल्कि एक सीख थी कि जो मैदान में उतरता है, वही जीत की दिशा में बढ़ता है, चाहे आज परिणाम कुछ भी क्यों न हो।
गणमान्य अतिथियों में दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, बागपत सांसद डॉ राजकुमार सांगवान, बागपत विधानसभा क्षेत्र के विधायक योगेश कुमार शामिल हुए। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। वेदान्तिक इंटरनेशनल स्कूल की छात्र छात्राओं ने स्वागत गीत एवं सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया।
गणतंत्र दिवस की परेड मार्च से प्रेरित नई पहल करते हुए जम्बल पास्ट का आयोजन हुआ जिसमें क्रिस्टु ज्योति कॉन्वेंट एवं गोल्डन गेट स्कूल, चार एनसीसी यूनिट, चार भारत स्काउट एंड गाइड दल सहित विभिन्न विद्यालयों के शारीरिक शिक्षा अध्यापकगण शामिल हुए। कदम से कदम मिलाकर चलते प्रतिभागियों ने संदेश दिया कि फिटनेस की चेतना हम सभी के सामूहिक प्रयासों पर निर्भर है। अतिथियों ने पास्ट मार्च की सलामी ली। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बावली की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई।
खेल गतिविधियों का शुभारंभ वरिष्ठ नागरिकों की 100 मीटर दौड़ से हुआ जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया जिसमें शामिल हुए प्रतिभागियों ने संदेश दिया कि फिटनेस अपनाने की कोई उम्र सीमा नहीं। जैसी ही दौड़ शुरू हुई, एक नई सोच भी तेजी से लोगों के बीच जागृत हुई कि मेहनत किसी उम्र की मोहताज नहीं और कुछ नया करने का सबसे सही समय अभी है। दौड़ लगाकर फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज का संदेश दिया। वरिष्ठ नागरिकों को “बुजुर्ग युवा शक्ति” संबोधित कर सम्मान दिया गया। सभी को स्वर्ण पदक देकर प्रोत्साहित किया। इस बुजुर्ग युवा शक्ति ने रस्सा खींच में भी अपनी मजबूती का प्रदर्शन किया और साबित किया कि उम्र से हौसले को नहीं मापा जाता।
वहीं मातृ शक्ति महिलाओं की 100 मीटर दौड़ भी खूब सराहनीय पहल साबित हुई जिसे देख कार्यक्रम स्थल पर बच्चों के साथ आई महिलाओं ने भी उत्साह के साथ मौके पर शामिल होकर यह मौका नहीं छोड़ा और आगे बढ़कर दौड़ लगाई। वहीं रस्सा खींच में भी नारी शक्ति ने खूब दमखम दिखाया।
दिव्यांगों को भी व्हीलचेयर दौड़ में शामिल होने का अवसर मिला और झंडा लगाकर व्हीलचेयर एवं साइकिल पर शामिल दिव्यांगों की दौड़ ने एक नई प्रेरणा का संचार किया।
मुख्य अतिथि दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने युवा संबोधन में कहा कि भारत रत्न चौधरी चरण सिंह के विकास के लिए दिल्ली सरकार भी प्रतिबद्ध है और बागपत का देश की राजधानी से जुड़ाव जोड़ने हेतु चार नई डीटीसी बसों की सौगात दी। देश की राजधानी में हो रहे कार्यों से अवगत कराया कि यमुना नदी को स्वच्छ निर्माण बनाने के लिए और यमुना विहार पुश्ता के निकट जनवरी से दो शिप प्रत्येक में लोगों को यात्रा एवं खानपान एवं अन्य रोमांचक गतिविधियों से जुड़ने की व्यवस्था की जा रही है। बागपत के लोगों के स्नेह और स्वागत के प्रति आभार व्यक्त किया।
कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक… तीनों ही खिलाड़ियों के बीच पहुंचकर खेलों में शामिल हुए और जैवलिन थामकर खूब दूर तक फेंका। सांसद स्वयं खेल मैदान में भ्रमणशील रहे और खिलाड़ियों से मुखातिब हुए। युवाओं एवं स्कूली छात्र छात्राओं ने खूब सेल्फियां खिंचाई। सांसद खेल महोत्सव की चमक बने विजेता खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा ट्रॉफी, प्रमाण पत्र, मेडल, दीवार घड़ी, टीशर्ट, ट्रैक शूट जैसे आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया।
सांसद डॉ राजकुमार सांगवान ने धन्यवाद ज्ञापन में कहा कि खिलाड़ियों की बड़ी भागीदारी ने इसे खेलों का महाकुंभ बनाया। अगले तीन वर्षों में इससे बड़े ही खेलों के महाकुंभ आयोजित होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप आयोजित खेलों की सफलता पर सभी के जज्बे को सराहा। सभी महिलाओं, दिव्यांगों, वरिष्ठ नागरिकों के हौसलों को प्रोत्साहित करते हुए सभी के उज्जवल भविष्य की कामना की। सभी प्रशासनिक अधिकारियों को सफल आयोजन पर बधाई दी। सभी प्रतिभागी नौजवान खिलाड़ियों को एशियाड, ओलिंपिक, कॉमनवेल्थ, वर्ल्ड जेम्स में जनपद का नाम रोशन करने का आह्वान किया। चौधरी जयंत के प्रति आभार व्यक्त किया कि उनकी सांसद निधि से खिलाड़ियों के भविष्य को संवारने की घोषणा को रेखांकित किया। सभी गांव में डिजिटल संसाधनों से युक्त आधुनिक पुस्तकालय और खेल मैदान बनाए जाने की घोषणा की। जनता वैदिक डिग्री कॉलेज के खेल मैदान को आधुनिक स्वरूप में विकसित किए जाने की घोषणा की।
सांसद ने प्रतिभागी स्कूलों, मंगल दलों, यूथ क्लबों, सहयोगी संस्थानों को संसद भवन भ्रमण का आमंत्रण दिया। अगले वर्ष बड़े स्तर पर खेलों के आयोजन हेतु तैयारी का आगाज कर कहा कि युवा हमारे देश का भविष्य है। इन्हें आगे बढ़ने, खेलने का मौका मिले हर स्तर पर मिले। जो जीत नहीं सके, वह खिलाड़ी निराश न हो। जल्द ही बड़ा अवसर फिर लेकर आयेंगे। एक आर्मी और पैरामिलिट्री की भर्ती हम बड़ौत में कराएंगे। मुख्यमंत्री से मांग की है कि राष्ट्रीय कबड्डी का टूर्नामेंट बागपत में आयोजित किया जाए। यहां हर बच्चे में खूब हुनर है। बिना संसाधनों के भी आगे बढ़ रहे युवाओं के लिए हम पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार ने खिलाड़ियों के लिए बहुत अवसर उपलब्ध कराए हुए है। 24 नवंबर को केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव और केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी दोपहर 12 बजे बड़ौत रेलवे स्टेशन से दो नई रेल को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे। सभी युवाओं को रेल महोत्सव में आने के लिए आमंत्रित किया।
बागपत ने एक बार फिर साबित किया है कि यह खिलाड़ियों का जनपद है। यह महोत्सव युवाओं की ऊर्जा, सामूहिक प्रयास और जनपद की सकारात्मक सोच का प्रतिबिंब है सांसद खेल महोत्सव में प्रतिभाग करने के लिए आया प्रत्येक खिलाड़ी बधाई का पात्र है। इस बार सबसे खास यह रहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया और महिला खिलाड़ियों ने भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। यह साफ दिखाई दिया कि यदि अवसर मिले तो बागपत के खिलाड़ी हर स्तर पर अपनी पहचान बनाकर दिखा सकते हैं। जनपद में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए सांसद डॉ राजकुमार सांगवान ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
मंच संचालन जनपद के प्रख्यात शिक्षाविद एवं श्री नेहरू इंटर कॉलेज पिलाना के प्रधानाचार्य डॉ सत्यवीर सिंह, प्रोफेसर योगेश कुमार एवं शिक्षिका नीतू कुमरा ने किया।
इस पूरे महोत्सव को सफल बनाने के लिए बागपत संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ राजकुमार सांगवान ने आयोजन पूर्व खूब समीक्षा बैठके की और लोग भी सहयोग करने के लिए आगे आए। गोल्डन गेट इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक सुधीर कुमार, समाजसेवी सुधीर ढाका जैसे लोगों ने खूब सहयोग दिया।
सांसद खेल की कोर कमेटी में जिसमें रोहित धनकड़, प्रो योगेश कुमार, विशाल राय, सुनील वशिष्ठ, विजय कुमार सिंह, यूथ अवॉर्डी अमन कुमार, राजीव कुमार, गौरव राठी, सोनू धनकड़ आदि का सक्रिय योगदान रहा। विभिन्न खेलों के कोच धर्मेंद्र खोखर, विवेक मलिक, सुरेश तोमर, सचिन दांगी, जितेंद्र राणा, रघु वीर आदि को सराहा।
वहीं प्रशासनिक अधिकारियों में सीडीओ नीरज कुमार श्रीवास्तव, परियोजना निदेशक राहुल वर्मा, जिला क्रीड़ाधिकारी अमित कुमार, जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी, जिला युवा कल्याण अधिकारी वैश्विक डबास, जिला विद्यालय निरीक्षक राघवेंद्र सिंह आदि लगातार तीनों दिन खेल मैदान पद कमान संभालकर खेल महोत्सव सफल बनाया।
समापन अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय उपस्थिति ने खिलाड़ियों का उत्साह और बढ़ाया। हर मंच से यही संदेश बार बार सुनाई दिया कि खेलो, आगे बढ़ो और बागपत का नाम रोशन करो। इससे खिलाड़ियों और उनके परिवारों में एक भरोसा जागा कि प्रशासन युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए पूरा सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

Related posts

भाजपा का लाभार्थी सम्मेलन शाहपुर मे आयोजित।

rktvnews

भोजपुर:सब्जियों की संरक्षित खेती में कृषकों के लिए अपार संभावनाएं : डॉ विकाश सिंह

rktvnews

रांची:मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खास विधायक प्रतिनिधि झामुमो नेता के इशारे पर हुई सूर्या हांसदा की हत्या : बाबूलाल मरांडी

rktvnews

पटना: मुख्यमंत्री ने किया मीठापुर- महुली फोरलेन एलिवेटेड रोड के निर्माण कार्य का निरीक्षण।

rktvnews

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन मोरारी बापू की राम कथा के उद्घाटन दिवस में शामिल हुए।

rktvnews

भोजपुर: PK जातीय जनगणना और भूमि सर्वे में हुई अनियमितताओं के खिलाफ सीएम नीतीश कुमार के गांव से शुरू करेंगे हस्ताक्षर अभियान, जिला महिला अध्यक्ष ने कहा- करेंगे राज्यव्यापी आंदोलन।

rktvnews

Leave a Comment