
RKTV NEWS/आरा (भोजपुर)28 अगस्त। जिलाधिकारी, भोजपुर मनेश कुमार मीणा की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त, भोजपुर, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी आरा सदर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कोईलवर-2, जिला खनन पदाधिकारी, खान निरीक्षक, सभी कार्यपालक अभियंता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पीरो एवं जगदीशपुर तथा सभी अंचलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए। बैठक में खनन से संबंधित राजस्व संग्रहण तथा अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम के लिए की जा रही कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विभाग द्वारा निर्धारित 9,12,34.98 लाख रुपये के लक्ष्य के विरुद्ध 26 अगस्त 2026 तक 1,95,40.58 लाख रुपये राजस्व की प्राप्ति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि कार्य विभागों द्वारा संचालित परियोजनाओं में उपयोग किए जा रहे लघु खनिजों की मात्रा के अनुरूप नियमानुसार रॉयल्टी एवं मालिकाना फीस की कटौती कर खनन शीर्ष में जमा कराई जाए तथा इसकी रिपोर्ट जिला खनन कार्यालय को ससमय उपलब्ध कराई जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान में नदी से बालू खनन बंद है। ऐसी स्थिति में अवैध खनन एवं परिवहन की रोकथाम के लिए सभी संबंधित पदाधिकारी नियमित निगरानी एवं सघन छापेमारी सुनिश्चित करें। साथ ही, मुख्य मार्गों पर जाम की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। वित्तीय वर्ष 2026-27 में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 86 वाहनों को जब्त किया गया है तथा 266.94 लाख रुपये का दंड वसूल किया गया है।
अवैध खनन की रोकथाम के लिए सभी संवेदनशील स्थलों पर अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, खान निरीक्षक एवं थाना अध्यक्ष आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। जिलाधिकारी ने सभी अनिलामित बालू घाटों की शीघ्र नीलामी कराने का भी निर्देश दिया।
राजसात किए गए वाहनों की नीलामी के लिए जिला परिवहन कार्यालय एवं जिला खनन कार्यालय को समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। वहीं, नीलाम पत्र वादों में निहित राशि की वसूली के लिए संबंधित पदाधिकारियों को बकायेदारों को नोटिस जारी करते हुए शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में भोजपुर जिले में संचालित सभी ईंट-भट्ठों से निर्धारित रॉयल्टी राशि का ससमय भुगतान सुनिश्चित कराने की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं अवैध भंडारण के विरुद्ध जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने अवैध गतिविधियों में संलिप्त वाहनों के साथ-साथ अवैध परिवहन को बढ़ावा देने वाले पासर गिरोह एवं इसमें शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।



