5 बिहार एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर पुनीत श्रीवास्तव का हुआ सम्मान।

संभावना आवासीय उच्च विद्यालय में शुक्रवार को आयोजित हुआ कार्यक्रम।
विद्यालय के निदेशक एवं प्राचार्या ने अंग वस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित।
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)17 जुलाई।शहर के शुभ नारायण नगर मझौंवा स्थित ‘शान्ति स्मृति’ सम्भावना आवासीय उच्च विद्यालय में शुक्रवार को फाइव बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर पुनीत श्रीवास्तव के सम्मान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।संचालन वरीय शिक्षक अरविंद कुमार ओझा ने किया एवं धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के ए एन ओ प्रवीण कुमार सिंह ने किया। सर्वप्रथम विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा स्वागत गीत की प्रस्तुति की गई। तत्पश्चात विद्यालय के निदेशक डॉ. कुमार द्विजेंद्र एवं प्राचार्या डॉ. अर्चना सिंह ने संयुक्त रूप से एन सी सी के 5 बिहार बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर पुनीत श्रीवास्तव को अंग वस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान कर्नल राणा प्रताप सिंह को भी अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि कमांडिंग ऑफिसर पुनीत श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि मेरे लिए यह गर्व की बात है कि मैं आपके बीच उपलब्ध हूॅं। संभावना स्कूल के लिए के कैडेट्स के लिए सबसे बड़ी बात है कि आपकी प्राचार्या डॉक्टर अर्चना सिंह यहां आपकी रोल मॉडल मौजूद है, जो पूर्व में पूरे बिहार की बेस्ट एनसीसी कैडेट्स रह चुकी है। खासकर लड़कियों के लिए बहुत बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि एकता और अनुशासन ही एनसीसी की नींव है। आप एनसीसी के माध्यम से अग्निवीर की बहाली में जा सकते हैं। भारतीय सेवा में जुगाड़ नहीं बल्कि मेहनत चलती है, उन्होंने बच्चों से कहा कि आप अपने पर्सनालिटी डेवलपमेंट पर फोकस रखो। मल्टी टैलेंटेड बनो। सोशल मीडिया से दूर रहो। अपने मेमोरी को हृास नही होने दो। पुरे मनोयोग से पढ़ाई करो। निश्चित रूप से सफलता आपकी कदम चूमेगी। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि मेरा यह प्रयास रहेगा की संभावना स्कूल में एनसीसी को स्थाई कर दिया जाए, ताकि जितनी भी सरकारी सुविधाएं मिलती है। वह इस विद्यालय को प्राप्त हो। स्वागत भाषण देते हुए प्राचार्या डॉ. अर्चना सिंह ने कहा कि कमांडिंग ऑफिसर पुनीत श्रीवास्तव के विद्यालय में आगमन से कैडेट्सो एवं बच्चों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। हमारे विद्यालय में अनुशासन को महत्व दिया जाता है। यहां के बच्चे अपने सिलेबस के साथ-साथ राष्ट्र प्रेम की भावना से प्रेरित रहते हैं। कर्नल राणा प्रताप सिंह ने भी बच्चों को मार्गदर्शन दिया। इस मौके पर संभावना स्कूल के निदेशक डॉ. कुमार द्विजेंद्र, संगीत शिक्षक धर्मेंद्र कुमार, अमितेश कुमार, कला शिक्षक संजीव सिन्हा, विद्यालय एनसीसी के सहायक सी टी ओ शीलू कुमारी, अंकित कुमार मिश्रा समेत अन्य मौजूद रहें। कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम के साथ हुआ।

